इंदौर। महू थाना क्षेत्र में बाइक से मामूली टल्ला लगने की बात पर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से चाकूबाजी हो गई, जिसमें दोनों पक्षों के लोग घायल हुए हैं। महू थाना पुलिस ने दोनों पक्षों के फरियादियों की शिकायत पर क्रॉस केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रथम पक्ष से फरियादी मोईन पिता मोहम्मद बसीर खान निवासी बंडा बस्ती, महू की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी आरिश पिता सरदार मंसूरी निवासी चंदन नगर शाहिद, शाहरुख और समीर निवासी विजय पैलेस के खिलाफ मामला दर्ज किया है। फरियादी मोईन ने पुलिस को बताया कि बबला चिकन होटल के सामने नीम गली में बाइक से टल्ला लगने की बात को लेकर आरोपियों ने अकारण गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। जाते-जाते आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर मौके से भाग गए। वहीं दूसरे पक्ष से फरियादी आरिश पिता सरदार मंसूरी निवासी चंदन नगर की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी मोईन खान पिता मोहम्मद बसीर खान, आमीन पिता असलम दोनों निवासी बंडा बस्ती, महू व उनके अन्य साथियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। फरियादी आरिश ने पुलिस को बताया कि नीम गली में बाइक से टल्ला लगने की बात को लेकर मोईन और उसके साथियों ने उसके तथा उसके दोस्त के साथ गालियां देकर विवाद किया और चाकू से हमला कर चोटें पहुंचाईं। महू थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 16 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 8 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



