सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

ट्रैक्टर-ट्रॉली में घुसी बाइक किसान की मौत

डेढ़ माह की बेटी के सिर से उठा पिता का साया

ट्रैक्टर-ट्रॉली में घुसी बाइक किसान की मौत

तेजाजी नगर थाना क्षेत्र में सड़क हादसे के दौरान किसान की मौत हो गई। वह अपनी डेढ़ महीने की नवजात बेटी और पत्नी से मिलकर लौट रहे थे तभी चमेली देवी कॉलेज के पास सड़क पर लापरवाहीपूर्वक खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से बाइक टकराने से यह भीषण हादसा हुआ।

तेजाजी नगर पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान सुमित पिता मुकेश राजपूत (28) निवासी ग्राम दतोदा के रूप में हुई है। सुमित पेशे से खेती-किसानी का काम करते थे। वे रालामंडल स्थित अपने ससुराल अपनी डेढ़ माह की बेटी और पत्नी से मिलने गए थे। रात करीब 11 बजे जब वे बाइक से वापस अपने गांव दतोदा लौट रहे थे, तभी चमेली देवी कॉलेज के समीप हाईवे पर अंधेरे में खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी बाइक पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सुमित के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। राहगिरों और पुलिस की मदद से उन्हें तुरंत एमवाय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि सुमित की दो साल पहले ही शादी हुई थी। परिवार में माता- पिता और एक छोटा भाई है। तेजाजी नगर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 22 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें