तेजाजी नगर थाना क्षेत्र के नायता मुंडला इलाके में मामूली बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। भंगार बेचने को लेकर हुए विवाद के बाद समझौते की बातचीत करने पहुंचे एक परिवार पर तीन लोगों ने लोहे के सरियों से हमला कर दिया। हमले में पिता और पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने खजराना निवासी तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, फरियादी भूरी बी पति अकरम शाह, निवासी नायता मुंडला ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता ने बताया कि उनका बेटा आमिन शाह घर लौटा और उसने जानकारी दी कि भंगार बेचने की बात को लेकर दिलशाह खान नामक युवक से उसका विवाद हो गया था, जिसके बाद दिलशाह ने उसे गाल पर थप्पड़ मार दिया। बेटे के साथ हुई अभद्रता के बाद भूरी बी, उनके पति अकरम शाह और बेटा आमिन शाह मामले को बातचीत से सुलझाने और समझाने के लिए नायता मुंडला ब्रिज सर्विस रोड स्थित दिलशाह की दुकान पर पहुंचे। जैसे ही पीड़िता और उनका परिवार मोटरसाइकिल से उतरा, वहां मौजूद आरोपी रोशन खान, इरशाद और दिलशाह खान निवासी इसाक कॉलोनी, खजराना तीनों को देखते ही गालियां देने लगे। जब फरियादी पक्ष ने गाली-गलौज करने से मना किया, तो आरोपी आक्रोशित हो गए। आरोपी रोशन खान ने लोहे का सरिया निकालकर अकरम शाह पर हमला कर दिया और उनके साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। वहीं आरोपी दिलशाह खान ने लोहे के सरिये से आमिन शाह पर हमला कर दिया। बीच-बचाव के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से भाग खड़े हुए। घटना के बाद पीड़ित परिवार तेजाजी नगर थाने पहुंचा।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 7 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



