इंदौर। गांधी नगर थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद और लेन-देन के चलते भाई और भाभी द्वारा एक महिला और उसके पति के साथ मारपीट व गाली- गलौज करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, अरिहंत नगर निवासी गौरी पति मुकेश पंवार ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उन्होंने अपने भाई प्रीतम से बैंक में रखे सोने के जेवरात वापस लाने को कहा था। इस पर प्रीतम ने जेवर लौटाने से साफ इंकार कर दिया। जब गौरी ने याद दिलाया कि उन्होंने उसका मकान बनवाने में आर्थिक मदद की थी, तो इसी बात से नाराज होकर भाई प्रीतम और भाभी तन्नू गाली-गलौज करने लगे। पीड़िता और उसके पति मुकेश पंवार ने जब गाली देने से मना किया, तो आरोपी प्रीतम ने अपनी बहन गौरी के साथ थप्पड़-घूंसे मारते हुए मारपीट शुरू कर दी। गांधी नगर थाना पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर आरोपी प्रीतम और उसकी पत्नी तन्नू के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 2 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



