सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

बदमाशों का उत्पात… दो युवकों को मारा चाकू

एमआईजी थाना क्षेत्र के पाटनीपुरा एलआईजी मेन रोड स्थित साईं द्वार गेट के पास देर रात अज्ञात बदमाशों द्वारा दो युवकों पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया…

एमआईजी थाना क्षेत्र के पाटनीपुरा एलआईजी मेन रोड स्थित साईं द्वार गेट के पास देर रात अज्ञात बदमाशों द्वारा दो युवकों पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। अकारण गाली- गलौज और विवाद करते हुए बदमाशों ने दो युवकों को पेट और सीने में चाकू मार दिया और मौके से फरार हो गए। फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मालवीय नगर निवासी फरियादी योगेश पिता पूनमचंद मोहने ने एमआईजी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। फरियादी ने बताया कि देर रात साईं द्वार गेट के पास एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर तीन अज्ञात व्यक्ति आए। बाइक चलाने वाला युवक पीछे बैठे अपने दो साथियों को वहां उतारकर गाड़ी लेकर चला गया। इसके बाद वे दोनों अज्ञात युवक फरियादी और उनके दोस्तों के पास आए और बेवजह पूछने लगे कि तुम लोग यहां क्या कर रहे हो, जब वहां मौजूद विष्णु नंदी ने कहा कि 'तुम लोग जाओ, तुम्हें हमसे क्या मतलब है', तो आरोपी भड़क गए और गालियां देते हुए थप्पड़- मुक्कों से मारपीट करने लगे। इसी दौरान एक आरोपी ने अपनी जेब से चाकू निकाला और विष्णु नंदी व उनके साथी अविनाश उर्फ अज्जू साल्वी पर जानलेवा हमला कर दिया। चाकू के वार से विष्णु नंदी के सीने के पास और अविनाश के पेट में गंभीर चोट आई है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जाते-जाते आज के बाद इधर दिखे तो जान से खत्म कर देंगे की धमकी देते हुए भाग निकले। एमआईजी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 22 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें