वृद्धजनों के साथ एक नाबालिग द्वारा मारपीट का संज्ञान लेते हुए कलेक्टर शिवम वर्मा ने मामले को गंभीरता से लिया और तत्काल जांच के निर्देश दिए। कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम मल्हारगंज, सामाजिक न्याय एवं महिला बाल विकास विभाग के संयुक्त दल को मौके पर भेजा गया। दल द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित वृद्धजनों को मान्यता प्राप्त वृद्धाश्रमों- गणेश आश्रम, निराश्रित सेवाश्रम,आशा निलय में सुरक्षित स्थानांतरित कराया गया। वहीं नाबालिग को आवश्यक संरक्षण एवं आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) की सुपुर्दगी में सौंप दिया गया है। प्राथमिक जांच में संबंधित प्रेमाश्रय वृद्ध आश्रम बाणगंगा का संचालन अवैध रूप से पाए जाने पर प्रशासन द्वारा उसे तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है। साथ ही सामाजिक न्याय विभाग द्वारा आश्रम की संचालिका के विरुद्ध पुलिस में एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है। संचालिका द्वारा शासकीय भूमि पर निर्मित नगर निगम के भवन में किस आदेश से संचालन किया जा रहा था इसकी जांच भी करवाई जा रही है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 31 जुलाई 2026 के अंक में पृष्ठ 10 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



