मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

अवैध हथियारों की तस्करी में फरार शातिर बदमाश गिरफ्तार

पूर्व से दर्ज हैं आर्म्स एक्ट और आबकारी के 17 अपराध

इंदौर। क्राइम ब्रांच पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी के नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी प्रॉपर्टी ब्रोकिंग और ई-रिक्शा किराये पर देने की आड़ में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त था। आरोपी के खिलाफ इंदौर के विभिन्न थानों में आर्म्स एक्ट, अड़ीबाजी, मारपीट और आबकारी अधिनियम के 17 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। मामले में पूर्व में पकड़े गए आरोपियों से पुलिस 4 देशी पिस्तौल, मैगजीन और जिंदा कारतूस पहले ही जब्त कर चुकी है।

क्राइम ब्रांच की टीम ने पूर्व में अवैध फायर आर्म्स की तस्करी के मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी परसराम उर्फ परसिया निवासी गुमास्ता नगर और सोहेल उर्फ बलबली निवासी चंदन नगर को गिरफ्तार किया था। उनके पास से 4 देशी पिस्तौल, 4 जिंदा कारतूस, एक मारुति स्विफ्ट कार (एमपी 09 एआर 3234) और 3 मोबाइल जब्त किए गए थे, जिनकी कुल कीमत करीब 6 लाख रुपये आंकी गई थी। इस मामले की विवेचना के दौरान गुमास्ता नगर निवासी संजय उर्फ संजू मराठा पिता शंकर लाल राव की संलिप्तता सामने आई थी, जो वारदात के बाद से ही लगातार फरार चल रहा था। क्राइम ब्रांच की टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना और तकनीकी सर्विलांस के आधार पर घेराबंदी कर आरोपी संजय मराठा को धर दबोचा। जांच में सामने आया कि पकड़ा गया आरोपी पूर्व से ही आदतन अपराधी है और उस पर छत्रीपुरा, चंदन नगर और एमजी रोड थाने में कुल 17 आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध हैं। पुलिस अब रिमांड लेकर आरोपी संजय मराठा से अवैध हथियारों के मुख्य स्रोत, सप्लायर और नेटवर्क से जुड़े अन्य साथियों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 5 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें