सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

गणेश विसर्जन से लौट रहे परिवार पर हमला

टोल प्लाजा के बाद थाने में भी पीटा

इंदौर। किशनगंज थाना क्षेत्र में गणेश प्रतिमा विसर्जन कर लौट रहे कपड़ा कारोबारी और उनके परिवार पर सोनवाय टोल के पास 6-7 बदमाशों ने हमला कर दिया। यही नहीं, दबंगों की हिम्मत इतनी बढ़ी हुई थी कि जब पीड़ित पक्ष शिकायत करने पहुंचा, तो आरोपियों ने थाना परिसर के अंदर भी उनके साथ मारपीट की और फरार हो गए। हमले में घायल पांच लोगों में से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें इलाज के लिए इंदौर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, जनता कॉलोनी बड़ा गणपति निवासी फरियादी तुषार पिता राजेंद्र कसेरा की शिकायत पर अज्ञात 6-7 बदमाशों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। तुषार ने बताया कि वे परिवार के साथ मिनी ट्रक में गणेश विसर्जन के लिए खलघाट गए थे। लौटते समय सोनवाय टोल के पास दोस्त नयंक के पिता दीपक देवरे का फोन आया कि उनके साथ मारपीट हुई है। जब वे लोग मदद के लिए पहुंचे और बातचीत से मामला सुलझाने लगे, तो आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया। फरियादी पक्ष जैसे-तैसे वहां से भागकर किशनगंज थाने पहुंचा, लेकिन बेखौफ आरोपी पीछा करते हुए थाना परिसर तक आ पहुंचे और तुषार व चंदू के साथ फिर से मारपीट की। हमले में तुषार, नयंक, चंदू, मयंक और दीपक घायल हो गए, जिनका चोइथराम अस्पताल में इलाज जारी है। मारपीट के दौरान पीड़ित का मोबाइल भी गायब हो गया। आरोपी जाते-जाते जान से मारने की धमकी दे गए। किशनगंज पुलिस ने केस दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 27 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें