इंदौर। देहात के मानपुर थाना इलाके में ट्रांसपोर्ट कंपनी के एक कंटेनर से चालक और हेल्पर द्वारा ही चोरी की वारदात को अंजाम देने का मामला सामने आया है। अमेजन कंपनी का पार्सल ले जा रहे कंटेनर के चालक और उसके साथी ने वाहन में रखे कीमती मोबाइल फोन और ब्रांडेड घड़ियां चुरा लीं और कंटेनर को ढाबे पर लावारिस छोड़कर मौके से फरार हो गए। फरियादी ट्रांसपोर्ट व्यवसायी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी चालक और हेल्पर के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मानपुर पुलिस के अनुसार, फरियादी राजेंद्र सिंह पिता रामसिंह सिहाग, निवासी स्कीम नंबर 114, इंदौर ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। फरियादी ने बताया कि उनका ट्रांसपोर्ट का व्यवसाय है और उनका कंटेनर क्रमांक एचआर- 55 एएक्स-65 अमेजन कंपनी का सामान लेकर डिलीवरी के लिए जा रहा था। कंटेनर पर चालक समीम पिता सकरू, निवासी हाजीपुर, पुन्हाना, मेवात, हरियाणा और हेल्पर वारिस पिता इस्लाम, निवासी ग्राम नांगलीवास, नौगांव, अलवर, राजस्थान तैनात थे। यात्रा के दौरान मानपुर स्थित गोपाल ढाबा के पास चालक समीम और हेल्पर वारिस ने नीयत खराब करते हुए कंटेनर का लॉक खोला और उसमें रखे अमेजन कंपनी के कीमती पार्सल चोरी कर लिए। आरोपियों ने कंटेनर में रखे रियलमी कंपनी के 11 महंगे स्मार्टफोन्स तथा टाइटन और फास्ट्रैक कंपनी की ब्रांडेड घड़ियां कुल कीमत लगभग 80,000 रुपये चुरा लीं। चोरी का माल समेटने के बाद दोनों आरोपी कंटेनर को गोपाल ढाबे पर ही खड़ा छोड़कर रफूचक्कर हो गए। काफी देर तक जब वाहन गंतव्य पर नहीं पहुंचा और चालकों से संपर्क नहीं हो सका, तो मामले का खुलासा हुआ। फरियादी की शिकायत पर मानपुर थाना पुलिस ने आरोपी चालक समीम और हेल्पर वारिस के खिलाफ चोरी का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस की टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 18 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



