मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

अज्ञात बदमाश की करतूत.. टापरी की पन्नी फाड़कर बकरे-बकरियों की हत्या

तुकोगंज थाना क्षेत्र के अमर टेकरी इलाके में बेजुबान जानवरों के साथ क्रूरता की वारदात सामने आई है। अज्ञात बदमाश ने देर रात एक घर के बाहर बनी टापरी में…

तुकोगंज थाना क्षेत्र के अमर टेकरी इलाके में बेजुबान जानवरों के साथ क्रूरता की वारदात सामने आई है। अज्ञात बदमाश ने देर रात एक घर के बाहर बनी टापरी में घुसकर तीन बकरियों और एक बकरे की बेरहमी से हत्या कर दी। सुबह जब पीड़ित पशुपालक उठा तो चारों मवेशी मृत अवस्था में मिले और उनके गले पर चोट के निशान पाए गए। पीड़ित की शिकायत पर तुकोगंज थाना पुलिस ने अज्ञात बदमाश के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, अमर टेकरी निवासी फरियादी लोकेंद्र यादव पिता शिवप्रसाद यादव ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। फरियादी ने बताया कि वह अपने घर पर मवेशी पालन का काम करता है, जिसमें उसके पास तीन बकरियां और एक बकरा था। रोजाना की तरह उसने बीती रात करीब 1 बजे अपने चारों मवेशियों को घर के पास बनी पन्नी की टापरी में बांधकर गेट पर ताला लगा दिया और सोने चला गया। तड़के करीब 4 बजे जब लोकेंद्र की नींद खुली और वह टापरी की तरफ गया, तो वहां का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। उसने देखा कि टापरी की पन्नी फटी हुई थी और अंदर उसकी तीनों बकरियां और बकरा मृत अवस्था में पड़े हुए थे। मवेशियों के गले पर गंभीर चोट और कसने के निशान दिखाई दे रहे थे। फरियादी के अनुसार, किसी अज्ञात बदमाश ने रंजिश या आपराधिक मानसिकता के चलते टापरी की पन्नी फाड़कर अंदर प्रवेश किया और चारों बेजुबान जानवरों की गला घोंटकर या चोट पहुंचाकर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही तुकोगंज पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 6 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें