क्राइम ब्रांच की टीम ने गश्त और चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को घेराबंदी कर पकड़ा, जिसके कब्जे से 12.58 ग्राम अवैध एमडी ड्रग्स बरामद हुई है। जब्त ड्रग्स की अनुमानित कीमत करीब 1.20 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर नेटवर्क और सप्लायरों के संबंध में पूछताछ शुरू कर दी है। क्राइम ब्रांच की टीम शहर के विभिन्न क्षेत्रों में गश्त और चेकिंग पर तैनात थी। इसी दौरान पानी की टंकी के पास, कंजर मोहल्ला मैदान के पास एक व्यक्ति दोनों हाथों से छाती पर नीले रंग की थैली दबाए पैदल आता दिखाई दिया। पुलिस बल को देखते ही वह हड़बड़ाकर भागने का प्रयास करने लगा। संदेहास्पद स्थिति लगने पर टीम ने तुरंत घेराबंदी कर उसे धर दबोचा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम आमीन हुसैन निवासी थाना चंदन नगर, बताया। पुलिस टीम ने जब आरोपी के हाथ में मौजूद नीले रंग की थैली की तलाशी ली, तो उसके अंदर से 12.58 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी ड्रग्स पाई गई। इसके बाद आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर क्राइम ब्रांच थाने में मामला दर्ज किया गया। जांच में सामने आया है कि तीसरी तक पढ़ा-लिखा आरोपी आमीन मजदूरी की आड़ में नशीले पदार्थों की तस्करी में लिप्त था और चंदन नगर थाने का शातिर व आदतन अपराधी है। पकड़े गए आरोपी आमीन के खिलाफ पूर्व से ही गंभीर प्रकृति के आधा दर्जन से अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इनमें चोरी, एनडीपीएस एक्ट और आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध हैं।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 23 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



