इंदौर। सराफा पुलिस ने खजूरी बाजार में घेराबंदी कर ब्रांडेड तंबाकू के नाम पर नकली माल खपाने वाले एक शातिर आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में नामी कंपनी कमल किशोर के हू-ब-हू दिखने वाले नकली तंबाकू पाउच और माल परिवहन में इस्तेमाल किया जा रहा ऑटो रिक्शा जब्त किया है। सराफा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर फर्जीवाड़े के नेटवर्क की पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, सराफा पुलिस टीम को गश्त व मुखबिर से सूचना मिली थी कि खजूरी बाजार क्षेत्र में बड़े पैमाने पर नकली तंबाकू की सप्लाई की जा रही है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर आरोपी धर्मेंद्र जैन निवासी व्यंकटेश विहार, छोटा बांगड़दा को हिरासत में लिया। जब आरोपी के पास मौजूद माल की तलाशी ली गई, तो उसके पास से भारी संख्या में तंबाकू के पैकेट बरामद हुए। जब्ती की कार्रवाई के दौरान आरोपी के पास से 5 रुपये अंकित मूल्य वाले 2,500 पाउच तथा 10 रुपये अंकित मूल्य वाले 5,000 पाउच, इस प्रकार कुल 7,500 नकली 'कमल किशोर तंबाकू' के पाउच बरामद हुए। प्रथम दृष्टया यह सामग्री मूल कंपनी के वास्तविक उत्पाद की हू-ब-हू कॉपी पाई गई, जिसे बाजार में असली बताकर बेचा जाना था। पुलिस ने पंचनामा तैयार कर कुल 7,500 पाउच नकली तंबाकू तथा घटना में प्रयुक्त ऑटो रिक्शा क्रमांक एमपी 09 आर 9729 को जब्त कर लिया है। सराफा पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है कि यह नकली माल कहां तैयार किया जा रहा था और इसे शहर की किन-किन दुकानों पर सप्लाई किया जाना था।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 7 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 10 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



