शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है और टक्कर मारकर भागने वाले अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है। यह दर्दनाक हादसा ओमेक्स सिटी के समीप घटित हुआ। निपानिया क्षेत्र में रहने वाला 18 वर्षीय रोहित पिता बछिया अपने बड़े भाई राकेश के साथ बाइक पर सवार होकर जा रहा था। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों भाई सड़क पर दूर जा गिरे और उन्हें गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर जमा हुए राहगिरों और स्थानीय लोगों ने तुरंत एम्बुलेंस बुलाई और दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा, जहाँ डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद रोहित को मृत घोषित कर दिया। वहीं, राकेश का उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि दोनों सगे भाई ओमेक्स सिटी के पास लगने वाले साप्ताहिक हाट बाजार में घरेलू सामान की खरीदारी करने के लिए जा रहे थे, तभी रास्ते में इस हादसे का शिकार हो गए। मृतक रोहित और उसका भाई राकेश मूल रूप से धार जिले के रहने वाले हैं और पिछले दो महीनों से इंदौर के भवन स्कूल के पीछे बन रही एक टाउनशिप में मजदूरी का काम कर रहे थे। घटना के वक्त दोनों भाइयों के माता-पिता किसी काम से गुजरात गए हुए थे, जिन्हें हादसे की सूचना दे दी गई है और वे इंदौर के लिए रवाना हो चुके हैं। लसूड़िया पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि टक्कर मारने वाले वाहन और उसके चालक का पता लगाया जा सके।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 17 जुलाई 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



