इंदौर। तिलक नगर क्षेत्र स्थित होटल एलेक्स में सुखलिया निवासी ब्यूटीशियन सोनिला शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में घटना के बाद से फरार चल रहे मृतका के कारोबारी दोस्त दीपक खंडेलवाल को तिलक नगर थाना पुलिस ने बायपास इलाके से हिरासत में ले लिया है। पुलिस फिलहाल मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी मनीष लोधा के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। घटना वाले दिन सोनिला, दीपक के साथ होटल के कमरा नंबर 101 में रुकी थी, जहां उसकी रहस्यमय हालात में मौत हो गई। वारदात के बाद दीपक मौके से गायब हो गया था। पुलिस जब आरोपी के घर पहुंची, तो उसकी पत्नी ने संपर्क न होने की बात कही।
हालांकि, परिजनों से पूछताछ का दबाव बनते ही दीपक ने पुलिस से संपर्क कर सरेंडर करने की बात कही, जिसके बाद टीमों ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया। जांच में यह बात भी सामने आई है कि दीपक की पत्नी को सोनिला के साथ उसकी दोस्ती की जानकारी थी, जिसे लेकर उनके घर में पहले विवाद भी हो चुका था।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 12 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



