सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

आयशर की चपेट में आकर युवक की मौत

भंवरकुआं थाना क्षेत्र में नेमावर रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। विशाल मेगा मार्ट के सामने तेज रफ्तार आयशर चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए एक…

भंवरकुआं थाना क्षेत्र में नेमावर रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। विशाल मेगा मार्ट के सामने तेज रफ्तार आयशर चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए एक युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने आरोपी वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान धर्मेंद्र पिता राधेश्याम उइके (33) निवासी सतवास जिला देवास हाल मुकाम उद्योग नगर पालदा के रूप में हुई है। धर्मेंद्र नेमावर रोड से गुजर रहे थे, तभी विशाल मेगा मार्ट के सामने आयशर वाहन क्रमांक एमपी-04 वायवाय- 0914 के चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि धर्मेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद राहगिरों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही भंवरकुआं थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने आयशर वाहन के अज्ञात चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और हत्या की धारा में केस दर्ज कर आरोपी चालक व वाहन की तलाश शुरू कर दी है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 22 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें