मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

502 ग्राम चरस के साथ देवास का तस्कर गिरफ्तार

6 लाख का माल जब्त, नशेड़ियों की निशानदेही पर पुलिस को मिली सफलता

शहर में चलाए जा रहे विशेष अभियान 'नशे से दूरी है जरूरी' के तहत तेजाजी नगर थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने बायपास सर्विस रोड पर घेराबंदी कर देवास के एक शातिर अंतरजिला तस्कर को पकड़ा है। आरोपी के कब्जे से 502 ग्राम अवैध चरस और तस्करी में इस्तेमाल मोटरसाइकिल जब्त की गई है, जिसकी कुल कीमत करीब 6 लाख रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ देवास और इंदौर में पहले से भी आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज हैं। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

पुलिस के अनुसार, तेजाजी नगर पुलिस टीम क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान रालामंडल कट के आगे हनुमान कांकड़ वन मंडल गेट के सामने बायपास सर्विस रोड पर एक संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 41 झेडएच 8407 के साथ खड़ा दिखाई दिया। पुलिस गाड़ी को देखते ही उसने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे चारों तरफ से घेरकर धरदबोचा। पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम नफीस उर्फ बच्चवा पिता हाजी गुलाम जकरिया शेख निवासी इस्लामपुरा, जिला देवास बताया। तलाशी लेने पर आरोपी के पिट्ठू बैग से 502 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। पूछताछ में खुलासा हुआ कि पूर्व में पकड़े गए एक नशा करने वाले आरोपी से मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस इस नेटवर्क तक पहुंची थी। आरोपी नफीस देवास से चरस लाकर इंदौर शहर में सप्लाई करता था। तेजाजी नगर पुलिस अब आरोपी से रिमांड लेकर उसके मुख्य सप्लाई नेटवर्क और शहर में जुड़े अन्य पेडलर्स के बारे में कड़ाई से पूछताछ कर रही है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 28 जुलाई 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें