अन्नपूर्णा और रावजी बाजार थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने जिलाबदर व लूट की वारदात में फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी ने अपनी महिला मित्र के साथ मिलकर जोमैटो डिलीवरी बॉय से स्कूटी और अन्य सामान लूटा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध देशी पिस्टल और जिंदा कारतूस भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, गत 7 अगस्त को अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र के फूटी कोठी चौराहे के पास जोमैटो डिलीवरी बॉय के साथ लूटपाट की सनसनीखेज वारदात हुई थी। शातिर बदमाश ने अपनी महिला मित्र के साथ मिलकर डिलीवरी बॉय की स्कूटी लूट ली थी और मौके से फरार हो गए थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी जोन द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था और एसीपी अन्नपूर्णा शिवेंदु जोशी के मार्गदर्शन में अन्नपूर्णा व रावजी बाजार थाना प्रभारियों के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रिंस विश्नार पिता आनंद विश्नार निवासी हरिजन कॉलोनी, गाड़ी अड्डा, थाना रावजी बाजार को घेराबंदी कर धरदबोचा।
पिस्टल तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से एक देशी और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत पृथक से प्रकरण दर्ज किया गया है। इसके अलावा, पुलिस आयुक्त द्वारा जारी जिलाबदर आदेश का उल्लंघन कर शहर में अवैध रूप से घूमने पर उसके खिलाफ मध्य प्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम के तहत भी मामला दर्ज किया गया है। मामले में शामिल आरोपी की महिला मित्र पलक पिता नटवर वर्मा निवासी डॉक्टर कॉलोनी, द्वारकापुरी को पुलिस पूर्व में ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई स्कूटी, घटना में प्रयुक्त चाकू, एक देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस जब्त कर लिया है। अन्नपूर्णा थाना पुलिस गिरफ्तार आरोपी से अन्य आपराधिक वारदातों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 16 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 11 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



