इंदौर। एरोड्रम थाना पुलिस ने मकान और मंदिर में हुई चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए 5 आरोपियों को दबोच लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने- चांदी के जेवर, नकदी, दानपेटी और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित करीब 3.75 लाख रुपये का माल बरामद किया है। आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने घटनास्थल से लेकर विभिन्न इलाकों के 45 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले थे। पुलिस के अनुसार, पहली वारदात आइडिया मल्टी निवासी शिवपाल वर्मा के सूने मकान में हुई थी, जहां से चोर सोने-चांदी के जेवर और नकदी चुरा ले गए थे। इस मामले में पुलिस ने कमलेश प्रजापत और दो नाबालिगों को पकड़ा है, जिनकी निशानदेही पर 3.21 लाख रुपये का माल बरामद किया गया। दूसरी वारदात तारकेश्वर महादेव मंदिर में हुई थी, जहां से अज्ञात बदमाश दानपेटी उठा ले गए थे। इस मामले में पुलिस ने शिवा उर्फ बड़की और अमर चौहान को गिरफ्तार कर उनके पास से दानपेटी, 4 हजार रुपये नकद और एक स्पलेंडर मोटरसाइकिल जब्त की है। पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 16 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



