चंदन नगर थाना क्षेत्र की पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने साल 2022 से फरार चल रहे एक शातिर चोर और कुख्यात स्थाई वारंटी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदलकर कभी पीथमपुर, तो कभी देवास और उज्जैन में फरारी काट रहा था। चंदन नगर और कनाड़िया पुलिस थानों में आरोपी के खिलाफ चोरी, नकबजनी और डकैती की योजना बनाने जैसे गंभीर अपराधों में कुल 4 स्थाई वारंट जारी थे। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर उसे पीथमपुर से धर दबोचा।
चंदन नगर पुलिस के अनुसार, पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि थाना चंदन नगर का लंबे समय से फरार चल रहा स्थाई वारंटी अनीस उर्फ काला वर्तमान में जिला धार के पीथमपुर इलाके में अपनी पहचान छिपाकर रह रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई और बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर संदेही को हिरासत में लिया गया। पूछताछ करने पर उसने अपना नाम अनीस उर्फ काला पिता चांद खां निवासी ई-सेक्टर चंदन नगर, इंदौर हाल मुकाम एकता नगर, पीथमपुर, जिला धार स्वीकार किया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी अनीस उर्फ काला के खिलाफ अलग-अलग अदालतों द्वारा कुल चार गंभीर आपराधिक मामलों में स्थायी वारंट जारी किए गए थे। इनमें चंदन नगर और कनाड़िया थानों के अंतर्गत आने वाले चोरी, नकबजनी और डकैती की योजना बनाने जैसे प्रकरण शामिल हैं। वह पिछले करीब 4 वर्षों से लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था और न्यायालयीन प्रक्रियाओं से भाग रहा था। लंबे समय से चकमा दे रहे इस शातिर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयासरत थी। चंदन नगर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद संबंधित न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 9 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



