सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

25 हजार भेजने का फर्जी मैसेज भेजकर झांसे में लिया, 70 हजार रुपये ऐंठे

इंदौर। चंदन नगर थाना क्षेत्र में साइबर ठगी की एक अनोखी वारदात सामने आई है, जहां एक शातिर जालसाज ने परिचित का नाम लेकर फरियादी को अपने झांसे में लिया…

इंदौर। चंदन नगर थाना क्षेत्र में साइबर ठगी की एक अनोखी वारदात सामने आई है, जहां एक शातिर जालसाज ने परिचित का नाम लेकर फरियादी को अपने झांसे में लिया और फर्जी ट्रांजेक्शन का मैसेज दिखाकर 70 हजार रुपये ऐंठ लिए। खाते से रकम कटने और कोई पैसा प्राप्त न होने पर पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ। फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने संदेही मोबाइल नंबर धारक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चंदन नगर पुलिस के अनुसार, पीड़ित जयसिंह पिता ओंकारसिंह सोलंकी निवासी धार रोड, ग्राम सिरपुर ने थाने पहुंचकर आपबीती दर्ज कराई। फरियादी ने बताया कि आरोपी ने फोन कर उनसे संपर्क किया और खुद को परिचित बताते हुए कहा कि अजय भाई, मैं आपको जानता हूं। मैं आपके खाते में 25 हजार रुपये ट्रांसफर कर रहा हूं, आप यह राशि मेरे बताए गए दूसरे नंबर पर भेज दीजिए। आरोपी ने इसके बाद पीड़ित के मोबाइल पर एक फर्जी पैसे जमा होने का मैसेज भी भेजा। मैसेज देखकर फरियादी आरोपी के झांसे में आ गया और उसने पहले 10 हजार और फिर 15 हजार रुपये बताए गए नंबर पर ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद ठग ने 50 हजार रुपये और भेजने का फर्जी मैसेज दिखाकर दोबारा झांसा दिया और 10- 10 हजार रुपये चार बार तथा 5 हजार रुपये एक बार में करवाकर कुल 70 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए। जब फरियादी ने अपना बैंक बैलेंस चेक किया, तो खाते में कोई रकम जमा ही नहीं हुई थी। ठगी का अहसास होते ही पीड़ित ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मोबाइल नंबर धारक आरोपी कपिल के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध पंजीबद्ध कर मोबाइल लोकेशन और बैंक खातों की मदद से जांच शुरू कर दी है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 4 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 8 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें