सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

1.20 लाख की एमडी ड्रग्स तस्करी में खाचरौद से 2 मुख्य सप्लायर गिरफ्तार

इंदौर। शहर में मादक पदार्थों की अवैध खरीद-फरोख्त पर शिकंजा कसते हुए इंदौर क्राइम ब्रांच ने एमडी ड्रग्स तस्करी मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। 12.13 ग्राम एमडी ड्रग्स…

1.20 लाख की एमडी ड्रग्स तस्करी में खाचरौद से 2 मुख्य सप्लायर गिरफ्तार

इंदौर। शहर में मादक पदार्थों की अवैध खरीद-फरोख्त पर शिकंजा कसते हुए इंदौर क्राइम ब्रांच ने एमडी ड्रग्स तस्करी मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। 12.13 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्ती मामले में पुलिस ने बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर उज्जैन जिले के खाचरौद में दबिश देकर दो मुख्य सह- आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान फहीम खान और शेख खां के रूप में हुई है। क्राइम ब्रांच ने मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/29 का इजाफा करते हुए दोनों को राउंडअप किया है।

क्राइम ब्रांच डीसीपी राजेश त्रिपाठी के अनुसार, गत 19 सितंबर को पुलिस टीम ने एमआर-04 रोड पर राजकुमार मिल स्थित श्री योगेंद्र सद्गुरु शीलनाथ आश्रम के सामने चेकिंग के दौरान काले रंग की बजाज पल्सर बाइक सवार दो संदेहियों—साकिर और मोहम्मद अली दोनों निवासी थाना चंदन नगर, इंदौर को रोका था। तलाशी लेने पर उनके पास से 12.13 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई थी, जिसकी अनुमानित कीमत 1.20 लाख और बाइक की कीमत 1 लाख मिलाकर कुल 2.20 लाख का मशरूका जब्त कर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। मामले की विवेचना और पुलिस रिमांड के दौरान जब क्राइम ब्रांच की टीम ने पकड़े गए दोनों आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की और कॉल डिटेल व तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला, तो ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क का बड़ा राज खुला। आरोपियों ने कुबूल किया कि जब्त एमडी ड्रग्स उन्होंने खाचरौद (उज्जैन) के फहीम और शेख से हासिल की थी। सूचना की पुष्टि होते ही क्राइम ब्रांच की विशेष टीम ने खाचरौद में घेराबंदी कर दबिश दी और फहीम खान व शेख खां को धर दबोचा। जांच में सामने आया है कि 7वीं पढ़ा फहीम ड्राइविंग और 5वीं पढ़ा शेख पत्थर लगाने का काम करने की आड़ में नशीले पदार्थों की सप्लाई में लिप्त थे। पुलिस अब दोनों आरोपियों से नशीले पदार्थों के मुख्य स्रोत, सप्लायरों और पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य साथियों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 23 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें