सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

इंस्टाग्राम रील बनाने के लिए 13 साल के नाबालिग को पीटा

वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर किया अपलोड

हीरानगर थाना क्षेत्र के सुखलिया इलाके में सोशल मीडिया पर सस्ते प्रचार और रील बनाने का एक विकृत मामला सामने आया है। इंस्टाग्राम पर रील अपलोड करने की सनक में बदमाशों ने एक 13 वर्षीय मासूम नाबालिग बच्चे को रोककर उसके साथ अकारण मारपीट की और पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। जब पीड़ित बच्चे ने विरोध किया, तो आरोपियों ने उसे गालियां देते हुए लोहे की छड़ से बेरहमी से पीट दिया। पीड़ित बालक की शिकायत पर हीरानगर थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी और उसके साथी के खिलाफ प्रकरण फर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, वारदात सुखलिया स्थित रजिस्ट्रार ऑफिस के पास घटित हुई। फरियादी 13 वर्षीय पीड़ित नाबालिग ने अपने परिजनों के साथ थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि वह इलाके से गुजर रहा था, तभी आरोपी अपने साथी के साथ उसके पास आया और अचानक कहने लगा कि हमें अपनी इंस्टाग्राम आईडी पर रील अपलोड करनी है, इसलिए हम तेरे साथ मारपीट करेंगे। इतना कहते ही आरोपी ने मासूम बच्चे को निशाना बनाते हुए थप्पड़-घूंसे से पीटना शुरू कर दिया। हैरत की बात यह रही कि आरोपी ने मारपीट के इस कृत्य का अपने मोबाइल से वीडियो भी बनाया और उसे अपनी इंस्टाग्राम आईडी ब्लेड 307 पर रील्स के रूप में अपलोड कर दिया। जब पीड़ित बच्चे ने अपना वीडियो बनाने और मारपीट करने से साफ मना किया, तो आरोपी आपा खो बैठा और गालियां बकने लगा। बच्चे द्वारा गाली-गलौज का विरोध करने पर आरोपी का मन थप्पड़-थप्पड़ों से नहीं भरा, तो उसने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर पास में पड़ी लोहे की छड़ उठाई और नाबालिग पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। लोहे की छड़ के हमले से पीड़ित बालक को शरीर में कई जगह गंभीर चोटें आईं और वह रोते हुए अपने घर पहुंचा। परिजनों को पूरी घटना की जानकारी मिलने के बाद वे तत्काल हीरानगर थाने पहुंचे।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 12 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें