सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
अपराध

1000 रु. से ज्यादा के पेट्रोल की खरीदी का डिजिटल पेमेंट मंजूर नहीं

ऑनलाइन पेमेंट में बढ़ती धोखाधड़ी को देखते हुए इंदौर के पेट्रोल पंप का फैसला

1000 रु. से ज्यादा के पेट्रोल की खरीदी का डिजिटल पेमेंट मंजूर नहीं

ऑनलाइन पेमेंट में धोखाधड़ी किए जाने के मामले आए दिन सामने आ रहे हैं। इस तरह की घटनाओं को देखते हुए इंदौर के पेट्रोल पंप के द्वारा यह फैसला लिया गया है कि यदि 1000 रु. से ज्यादा का पेट्रोल डलवाया जाता है तो उसका भुगतान ऑनलाइन स्वीकार नहीं किया जाएगा। इस तरह के फैसले का बोर्ड लगाकर ऐलान कर दिया गया है।

भारत सरकार के द्वारा हर स्तर पर डिजिटल पेमेंट को प्रमोट किया जा रहा है। सरकार चाहती है कि देश के नागरिक जहां भी पेमेंट करना है वहां पर ज्यादा से ज्यादा गूगल पे, पेटीएम जैसे प्लेटफार्म का उपयोग करते हुए पेमेंट करें। इस तरह के प्लेटफार्म से पेमेंट किए जाने से पेमेंट देने वाले के खाते से राशि काटकर जिसे पेमेंट किया जा रहा है उसके खाते में हस्तांतरित कर दी जाती है। इससे पूरा पेमेंट रिकॉर्ड पर रहता है और सरकार को तथा आयकर विभाग को भी यह क्लियर रहता है कि किस व्यक्ति अथवा फर्म के द्वारा कितना पेमेंट किस कार्य में किया जा रहा है। इस व्यवस्था के कारण एक दूसरा फायदा यह होता है कि बार-बार नोट का लेनदेन करने से नोट गल जाता है और खराब हो जाता है। ऐसी स्थिति में रिजर्व बैंक आफ इंडिया को एक समय सीमा के बाद इस नोट को नष्ट करना पड़ता है और उसके एवज में नया नोट छापना पड़ता है। इस पूरी प्रक्रिया से भी पैसे का बहुत ज्यादा नुकसान होता है। इस नुकसान को बचाने की दृष्टि से भी सरकार डिजिटल पेमेंट को प्रमोट करने का ही काम कर रही है। इस पूरे अभियान को सरकार के द्वारा डिजिटल इंडिया का नाम दिया गया है। अब इस अभियान के विपरीत जाकर नकद में लेन देन को प्रोत्साहित करने का काम इंदौर के सुविधा पेट्रोल पंप के द्वारा किया जा रहा है। पेट्रोल पंप पर पंप संचालक के द्वारा बड़े-बड़े बोर्ड लगा दिए गए हैं। इस बोर्ड में पेट्रोल पंप संचालक के द्वारा लिखा गया है कि ऑनलाइन पेमेंट में बढ़ती धोखाधड़ी को ध्यान में रखते हुए इस पेट्रोल पंप से 1000 रु. या उससे ज्यादा राशि का पेट्रोल लेने पर ऑनलाइन पेमेंट स्वीकार नहीं किया जाएगा। इससे स्पष्ट है कि जिन गाड़ियों में ज्यादा पेट्रोल भरवारा जाता है उन गाड़ियों के चालकों या मालिकों को कैश में पेमेंट करना होगा। इंदौर में यहां पहला मौका है जब किसी पेट्रोल पंप के द्वारा इस तरह की सूचना सार्वजनिक रूप से घोषित कर लगाई गई है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 7 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 5 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें