शहर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और नशा माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत इंदौर क्राइम ब्रांच की टीम को बड़ी सफलता हासिल हुई है। पुलिस ने पोलो ग्राउंड स्थित माल गोदाम के पास से एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 10.01 ग्राम अवैध एमडी ड्रग्स बरामद की है। जब्त की गई ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख रुपये बताई जा रही है। पकड़ा गया आरोपी मंदसौर का रहने वाला है और बीए अंतिम वर्ष का छात्र है।
डीसीपी राजेश त्रिपाठी ने बताया कि क्राइम ब्रांच की टीम गश्त और पतारसी के दौरान एमआर-4 पोलोग्राउंड होते हुए पावर हाउस के पीछे माल गोदाम के पास पहुंची थी। इसी दौरान वहां खड़ा एक संदेही पुलिस का शासकीय वाहन देखते ही भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए घेराबंदी कर उसे रोक लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रविन्द्र सिंह चौहान निवासी थाना नारायणगढ़, जिला मंदसौर बताया। जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसकी पीठ पर टंगे काले रंग के पिट्टू बैग की आगे वाली जिप से पारदर्शी पन्नी में रखी एमडी ड्रग्स बरामद हुई। तौल करने पर ड्रग्स का कुल वजन 10.01 ग्राम पाया गया। आरोपी के पास उक्त मादक पदार्थ को रखने, खरीदने या परिवहन करने से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज या लाइसेंस नहीं मिला। इसके बाद क्राइम ब्रांच इंदौर ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी पढ़ाई की आड़ में ड्रग्स सप्लाई के काले कारोबार से जुड़ा हुआ था। फिलहाल पुलिस आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों और मादक पदार्थ के मुख्य स्रोत का पता लगाया जा सके।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 24 अगस्त 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



