हीरा नगर थाना क्षेत्र स्थित आम वाला चौराहा पर रंगदारी, वसूली और जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। पानी बतासे खाने गए दो दोस्तों पर बाइक सवार बदमाशों ने अकारण गाली-गलौज करते हुए चाकू से तड़ातड़ वार कर दिए। एक हजार रुपये न देने पर आरोपियों ने सीने, पीठ और आंख के पास चाकू मारकर दोनों युवकों को लहूलुहान कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर अपनी बाइक से रफूचक्कर हो गए। हीरा नगर थाना पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सुखलिया निवासी वीरेंद्र पिता दरबार सिंह और उनके दोस्त एमआर 10 रॉयल बंगलो निवासी अर्जुन पिता संतोष गंभीर रूप से घायल हुए हैं। फरियादी वीरेंद्र ने पुलिस को बताया कि वह और अर्जुन आम वाला चौराहा पर पानी बतासे खाने गए थे। इसी दौरान काले रंग की मोटरसाइकिल से सोकेश उर्फ निक्कू निवासी साईं पैलेस और उसका साथी सौरभ खटीक उर्फ छोटू निवासी विजयनगर वहां पहुंचे। आते ही दोनों गाली- गलौज करने लगे और निक्कू ने चाकू निकालकर अर्जुन से जबरन 1000 रुपये मांगने शुरू कर दिए। जब अर्जुन ने रुपये न होने की बात कही, तो निक्कू ने अपने साथी सौरभ से कहा कि 'आज इसे खत्म ही कर देते हैं' और जान से मारने की नीयत से सीधे अर्जुन के सीने और पीठ पर चाकू से कई वार कर दिए। जब वीरेंद्र अपने दोस्त अर्जुन को बचाने आगे बढ़ा, तो आरोपी सौरभ ने उसे दबोच लिया और निक्कू ने उस पर भी चाकू से हमला कर दिया। चाकू का वार वीरेंद्र के बाएं हाथ की कोहनी और बाईं आंख के पास लगा। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों की भीड़ इकट्ठा होती देख दोनों बदमाश जान से मारने की धमकी देते हुए अपनी काली मोटरसाइकिल से भाग निकले। हीरा नगर पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराकर आरोपियों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश देना शुरू कर दिया है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 23 जुलाई 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



