शहर में नवरात्रि पर्व के दौरान गरबा के सैकडों आयोजन हो रहे है। आयोजकों को पुलिस ने सशर्त अनुमातियां दी है, ऐसे में दो आयोजनों पर पुलिस को लापरवाही नजर आई तो कल शाम पुलिस ने अनुमति निरस्त की। हालांकि एक आयोजन को पुलिस ने आयोजक से शपथ पत्र लेकर अनुमति दी। वहीं दूसरे पर आज जिम्मेदार अधिकारी जाकर पहले व्यवस्था देखेंगे और फिर आयोजन की अनुमति दे सकते है।
पुलिस के मुताबिक सजन प्रभा गार्डन, विजय नगर में आयोजक रोशनी श्रीवास्तव को 11 अक्टूबर से 19 अक्टूबर तक गरबा आयोजन की सशर्त अनुमति दी गई थी। गत 14 अक्टूबर को आयोजन के दौरान सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई। एक अनधिकृत व्यक्ति बिना किसी प्रवेश- पास के सीधे गरबा परिसर में घुस गया और संदिग्ध अवस्था में मैदान में लेटा हुआ पाया गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिससे आयोजन समिति की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था की पोल खुल गई। प्रवेश नियंत्रण और सुरक्षा शर्तों का पालन न करने पर थाना विजय नगर में धारा 223(ए) बीएनएस के तहत आयोजक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया है। वहीं, परिसर में अनाधिकृत प्रवेश करने वाले अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भी धारा 329(1) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। गंभीर लापरवाही को देखते हुए एसीपी ने आयोजन की शेष अवधि की अनुमति निरस्त कर स्थल को सील कर दिया है। पुलिस आज आयोजकों के सुधार के बाद गरबा स्थल की जांच करेगी और फिर शपथ पत्र लेकर सशर्त अनुमति दे सकती है। इसके अलावा तिलक नगर थाना क्षेत्र के होटल एसेंशिया में आयोजित ‘ढोली तारा’ गरबा महोत्सव की अनुमति निरस्त की थी। हालांकि इस आयोजन को मेसर्स हाईडैश के पार्टनर आशुतोष करमोदिया, ध्रुवम शर्मा और हितेश छाजेड़ के शपथ पत्र के बाद सशर्त अनुमति दी गई।
अनुमति निरस्त की सूचना के बाद टिकिट लेने वाले चूके
बताया जा रहा है कि ‘ढोली तारा’ गरबा के लिए सशुल्क टिकिट लोगों ने आनलाइन बुक की थी। सोशल मीडिया के माध्यम से खबर प्रसारित हुई थी। गरबा आयोजन की अनुमति निरस्त हुई तो टिकिट खरीदने वाले कुछ लोग आयोजन स्थल तक गए ही नहीं, जिसके बाद जब आयोजकों को अनुमति मिल गई तो इवेंट तो हुआ लेकिन कुछ टिकिट खरीदने वाले लोग शामिल होने से चूक गए।


यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 16 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




