शहर कांग्रेस के कार्यवाहक अध्यक्ष देवेन्द्रसिंह यादव ने कलेक्टर और नगर निगम आयुक्त को पत्र लिखकर सवाल किया है कि कृष्णबाग के 42 परिवारों के आशियाने तोड़ दिए गए हैं। जिन भूमाफियाओं ने यह कृत्य किया है उन पर बुलडोजर कब चलेगा, उन पर कार्रवाई कब होगी। यादव ने प्रश्न किया कि जिन लोगों ने जिंदगी भर की कमाई लगाई थी वह उजड़ गई है। जिन परिवारों ने रजिस्ट्री कराई, बैंक से लोन लिया और वर्षों तक नगर निगम को संपत्ति कर, जलकर और अन्य शुल्क चुकाए, आज वही बेघर हैं। मकान टूट गए, लेकिन बैंक की किश्तें आज भी बाकी हैं उनका क्या होगा। यदि कॉलोनी अवैध थी तो रजिस्ट्रियां कैसे हुईं? नगर निगम ने वर्षों तक टैक्स क्यों वसूला? बिजली-पानी के कनेक्शन कैसे मिले? वर्ष 2021 में टीएंडसीपी और भवन अनुमति निरस्त होने के बाद भी समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं हुई? यादव ने कहा कि इस मामले में सुरेश सिलावट, शशि भूषण खंडेलवाल, श्री राम बिल्डर्स और बालमुकुंद सिद्ध से जुड़े जमीन के स्वामित्व, विक्रय पत्रों और कथित फर्जी दस्तावेजों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। मूल जमीन मालिक से लेकर प्लॉट विक्रेताओं और संबंधित अधिकारियों तक सभी की जवाबदेही तय की जाए। हमारी मांग है कि धोखाधड़ी प्रमाणित होने पर संबंधित भूमाफियाओं के खिलाफ FIR दर्ज कर गिरफ्तारी की जाए तथा लापरवाह अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई हो। 42 प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा और उनके प्लॉटों की रकम वापस दिलाई जाए। गरीबों के घरों पर बुलडोजर चलाना आसान है, लेकिन अब सरकार जवाब दे 42 परिवारों के टूटे मकानों का मुआवजा कौन देगा? उनकी जिंदगीभर की कमाई का हिसाब कौन देगा? बैंक का कर्ज कौन चुकाएगा? जिन भूमाफियाओं ने प्लॉट बेचे और जिन अधिकारियों की लापरवाही से ये परिवार यहां बसे, उन पर कार्रवाई कब होगी? घर उजाड़ने वालों के साथ जनता को धोखा देने वाले असली जिम्मेदारों की जवाबदेही भी तय करनी होगी। इन धोखाधड़ी करने वालों पर कब होगी एफआईआर और कब होंगी गिरफ्तारी। अगर शीघ्र ही कार्रवाई नहीं की गई तो जल्दी इंदौर कांग्रेस कमेटी आंदोलन करेगी। यादव ने जनप्रतिनिधियों से भी सवाल किया कि इंदौर में 9 विधायक है इनमें से दो मंत्री है, महापौर है और भाजपा के 65 पार्षद है उनकी भी चुप्पी क्यों है, उनका तोड़फोड़ पर सवाल क्यों नहीं आया। भाजपा पदाधिकारी भी चुप्पी साधे बैठे हैं उनसे भी प्रश्न पीड़ितों के हक में करना चाहिए।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 25 November 2026 के अंक में पृष्ठ 2 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




