इंदौर (सिटी ब्लास्ट प्रतिनिधि)। कल कांग्रेस ने फूटीकोठी-द्वारकापुरी सब्जी मंडी वापस लगवाने को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। अटल पथ से होते हुए कांग्रेसी करीब 4.45 बजे वहां से निकले और 5 बजे करीब कांग्रेस के समूह में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी शामिल हुए। फूटीकोठी से यह कांग्रेसी पैदल मार्च करते हुए बोगदे के नीचे जाना चाहते थे, जहां पुलिस ने बेरिकेट्स लगा रखे थे और कांग्रेसियों को आगे नहीं जाने दिया गया।

कांग्रेस नेत्रियों ने सब्जी की टोकरी लेकर आगे आकर खिंचवाए चित्र
डीजे की गाड़ी पर संचालन शहर कांग्रेस संगठन महामंत्री संजय बाकलीवाल कर रहे थे, उन्होंने कहा कि सब्जी बेचने वाली मातृशक्तियों को आगे आने दिया जाए, उनके हाथों में सब्जी की टोकरी है। इस पर कांग्रेस नेत्रियों ने पीछे रहने के बजाए चित्र के लिए आगे आना शुरू कर दिया और तो और इन सब्जी वाली मातृशक्तियों से टोकरियां लेकर अपने हाथों में ले लीं और चित्र खिंचवाए और सब्जी वाली महिलाओं को पीछे कर दिया।
यह भी पढ़ें:
- इंदौर: पटवारी के प्रदर्शन से पहले पुलिस ने कांग्रेस नेताओं को रोका, धमकाया- तुम्हें भी बंद कर देंगे
- जीतू पटवारी आज द्वारकापुरी सब्जी मंडी पहुंचेंगे, कांग्रेस ने हर विधानसभा से भीड़ बुलाई
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी की मौजूदगी से कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं में जोश दिखाई दिया। कई कांग्रेसी बोगदे के पहले लगे बेरिकेट्स तक पहुंच गए थे, कुछ ने पुलिस से बहस भी की, पटवारी कांग्रेसियों को शांत प्रदर्शन के लिए प्रेरित कर रहे थे।

“या तो सब्जी मंडी लगवा दो या हमें गिरफ्तार करवा दो”
पटवारी ने पुलिस के डीसीपी अधिकारी नरेन्द्र रावत से कहा कि या तो आप सब्जी मंडी लगवा दो या हमें गिरफ्तार करवा दो। नगर निगम से अपर आयुक्त आकाश सिंह आए तो उनसे भी पटवारी ने पूछा कि यहां दुकान क्यों नहीं दे रहे हो, तो अधिकारी ने कहा कि हम 600 मीटर दूरी पर उन्हें दुकान दे रहे हैं, अभी यहां लाइट और अन्य व्यवस्था नहीं है।
जब अधिकारियों ने टालमटोल की बात कही तो पटवारी ने कहा मुझे मत समझाओ, मैं 10 साल इस क्षेत्र का विधायक रहा हूं, अभी जरूर चुनाव हार गया हूं। जब ब्रिज बन रहा था तो हमने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर इन सब्जी व्यापारियों से बात की थी कि ब्रिज बन जाने दो, इसके नीचे बोगदे में आपको दुकानें दे दी जाएंगी। उस समय मेरे साथ भाजपा के मेयर और पार्षद भी थे। अब वे ही लोग इन सब्जी व्यापारियों के साथ अत्याचार कर रहे हैं।

मौके पर ही अस्थायी जेल बनाकर गिरफ्तारी
पटवारी सहित सभी कांग्रेसियों की पुलिस ने वहीं अस्थायी जेल बनाकर गिरफ्तारी ले ली, क्योंकि प्रशासन को वहीं गिरफ्तारी का निर्णय इसलिए लेना था कि बड़ी संख्या में कांग्रेसी और व्यापारी भीड़ के रूप में मौजूद थे।

चिंटू चौकसे, विपिन वानखेड़े, रीना बौरासी, राजेश चौकसे, अमन बजाज, दीपू यादव, सोनिला मिमरोट, संजय बाकलीवाल, शैलेष गर्ग, अरविन्द बागडी, संतोषसिंह गौतम, धर्मेन्द्र गेंदर, इम्तियाज बेलिम, विनय बाकलीवाल, दिनेश मल्हार, मोतीसिंह पटेल, अमित चौरसिया, राजू भदौरिया, अनवर दस्तक, रफीक खान, सादिक खान, देवेन्द्र यादव, जीतू ठाकुर, दीपूसिंह चौहान, शशि हाडा, राहुल धाकरे, जतिन थोरात, बलवंत टटवाडे, राजेश जोशी, मुकेश ठाकुर, सत्यनारायण मोदी, सत्यनारायण सलवाड़िया, मोहन चौहान, विकास जोशी, कमलेश पाठक, विजेन्द्र चौहान, जीतू दीवान सहित अन्य कांग्रेसी मौजूद थे।






