सेंट्रल कोतवाली थाना क्षेत्र के महारानी रोड स्थित महालक्ष्मी कॉम्प्लेक्स में अज्ञात चोरों ने पास-पास स्थित दो इलेक्ट्रिकल की दुकानों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए की नकदी और मोबाइल फोन पार कर दिए। बदमाश दोनों दुकानों के शटर उचकाकर और नकूचा तोड़कर भीतर दाखिल हुए थे। एक दुकान में लगे सीसीटीवी में एक चोर वारदात को अंजाम देता नजर आ रहा है। पीड़ित दुकानदारों की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। सेंट्रल कोतवाली पुलिस के अनुसार, पहली वारदात कॉम्प्लेक्स की दुकान नंबर-05 स्थित 'हीरामोती इलेक्ट्रिकल' में हुई। त्रिवेणी कॉलोनी निवासी फरियादी प्रतीक पिता हीरानंद बहरानी ने पुलिस को बताया कि अज्ञात चोर ने दुकान का शटर ऊपर कर नकूचा तोड़ा और अंदर घुसकर गल्ले में रखे 1 लाख 70 हजार रुपए नकद तथा एक सैमसंग एस-22 मोबाइल फोन चुरा ले गया। दूसरी घटना ठीक पास स्थित दुकान नंबर-05/6 रोहित इलेक्ट्रिकल में सामने आई। त्रिवेणी कॉलोनी निवासी फरियादी रोहित पिता कन्हैयालाल खत्री ने शिकायत दर्ज कराई कि अज्ञात बदमाश उनकी दुकान का शटर उचकाकर अंदर घुसे और गल्ले से करीब 90 हजार रुपए नकद के साथ ही सैमसंग ए-14 व आईफोन एक्सआर मोबाइल फोन लेकर चंपत हो गए। पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज कर घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालते हुए चोरों की खोजबीन शुरू कर दी है।




यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 27 November 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




