बाणगंगा थाना क्षेत्र में दहेज की खातिर एक महिला को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर उसकी हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मर्ग जांच के बाद मृतका के पति, सास, देवर और ननद के खिलाफ हत्या और दहेज प्रताड़ना की संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
बाणगंगा पुलिस के अनुसार, शीतल नगर निवासी मृतका सरिता पति दीपक बिजोरे(38) की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई थी। मामले की विस्तृत मर्ग जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि आरोपी पति दीपक पिता नारायण बिजोरे, सास प्रेमलता, देवर जितेन्द्र बिजोरे निवासी शीतल नगर और ननद रंजना अहिरवार पति स्वर्गीय महेन्द्र अहिरवार, हाल निवासी शीतल नगर द्वारा लगातार दहेज की मांग की जा रही थी। जांच में पाया गया कि आरोपियों ने दहेज को लेकर सरिता के साथ शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ना देकर मारपीट की, जिससे चोटें लगने और मुंह दबाने के कारण सांस रुकने से उसकी मौत हो गई। मर्ग जांच के आधार पर बाणगंगा पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ धारा 103(1), 80(2), 3(5) एवं 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 27 November 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



