इंदौर (सिटी ब्लास्ट प्रतिनिधि)। बाणगंगा थाना क्षेत्र स्थित शिवनगर में एक महिला द्वारा अपनी 7 वर्षीय बेटी से मारपीट करने और गुस्से में बच्ची के पैर को जलती गैस पर रखने का मामला सामने आया है। घटना में बच्ची के पैर में छाला पड़ गया, जबकि बीच-बचाव करने पर आरोपी ने अपनी मां के साथ भी गाली-गलौज की। पीड़ित नानी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी बेटी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बाणगंगा पुलिस के अनुसार, शिवनगर निवासी फरियादी सावित्री पति रामसेवक परिहार ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनकी बेटी प्रवेश निवासी शिवनगर की 7 वर्षीय बेटी करीब 6 साल से उनके पास ही रह रही है। फरियादी ने बताया कि बेटी प्रवेश बच्ची को अपने साथ ले जाने की बात कहने लगी, जिस पर उन्होंने कहा कि बच्ची तुम्हारी है तो इसे अच्छे से रखना।
इसी बात पर आरोपी प्रवेश भड़क गई और उसने अपनी मां से गाली-गलौज करते हुए 7 वर्षीय मासूम के साथ हाथ से मारपीट शुरू कर दी। फरियादी के अनुसार, गुस्से में आकर आरोपी ने बच्ची का पैर जलती गैस पर रख दिया, जिसे उन्होंने किसी तरह बचाया।
इस घटना में मासूम बच्ची के पैर में छाला आ गया। बाणगंगा पुलिस ने फरियादी सावित्री परिहार की रिपोर्ट पर आरोपी प्रवेश के विरुद्ध केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।





