द्वारकापुरी थाना क्षेत्र के गुरुशंकर नगर में सूने मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। परिवार करीब चार दिनों से पैतृक गांव गया हुआ था, आज सुबह जब लौटा तो देखा कि घर के मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ है, इसके बाद अंदर पूरा सामान बिखरा हुआ था। चोरों ने दाल चावल के डब्बे तक को खंगाला। मिली जानकारी के अनुसार द्वारकापुरी थाना क्षेत्र के गुरुशंकर नगर में रहने वाले अजय गुप्ता और उनका परिवार 22 नवंबर की दोपहर मकान पर ताला लगाकर पैतृक गांव गए थे। आज सुबह करीब 7:30 बजे वापस लौटे, तो देखा कि मकान के मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ है। घर के अंदर कमरे में रखा सामान बिखरा पड़ा था, बिस्तर के नीचे रखी चांदी की पायल और चेन गायब थी, वहीं चोरों ने दाल-चावल के डब्बे भी खोलकर सामग्री बिखेर दी। डब्बे में रखे नगदी भी गायब थे। इसके बाद अजय ने घटना की सूचना द्वारकापुरी पुलिस को दी, पुलिस भी मौके पर पहुंची। हालांकि इस मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है। एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें संदिग्ध नजर आ रहे है।


यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 27 November 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




