सांवेर रोड स्थित लव-कुश फ्लाय ओवर ब्रिज की पहली भुजा 23 जुलाई को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लोकार्पण की थी। अब दूसरी भुजा का लोकार्पण भी मुख्यमंत्री 28 अक्टूबर को करने जा रहे हैं। इंदौर विकास प्राधिकरण द्वारा निर्मित डेढ़ किलोमीटर लम्बे 175 करोड़ की लागत से बना डबल डेकर लव-कुश फ्लाय ओवर ब्रिज पर जायजा लेने भाजपा के दोनों मंत्री, विधायक और अन्य भी पहुंचे। मंत्री-विधायक पहुंचे तो कार में थे, लेकिन इस डबल डेकर फ्लाय ओवर का जायजा मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने खुद कार से लेने के बजाए बुलेट चलाकर लिया। यह ब्रिज लोकार्पण होगा इसमें कोई कमी तो नहीं है, अधिकारी भी पीछे चलते रहे। जिस बुलेट को मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने हेलमेट लगाकर चलाई उसके पीछे विधानसभा अनुसार मंत्री तुलसीराम सिलावट और विधायक रमेश मेंदोला भी बैठे। निगम और प्राधिकरण के अधिकारी की मौजूदगी रही। दोनों मंत्रियों व विधायक ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के लिए मंच, डोम, बैठक व्यवस्था, बिजली, साउंड सिस्टम, स्क्रीन, पेयजल, भोजन, पार्किंग, यातायात प्रबंधन सहित अन्य की तैयारियों पर चर्चा भी की और निर्देश भी दिए। यह ब्रिज सिंहस्थ में काफी लाभप्रद होगा और खासतौर से सांवेर रोड, सुपर कारिडोर, एमआर-10, बाणगंगा की ओर आने-जाने वाले लोगों को भी लाभप्रद साबित होगा।



यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 25 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 2 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें


