शहर कांग्रेस अध्यक्ष ने इंदौर के स्वच्छता ताज छीनने के मुद्दे पर महापौर पर तंज कसते हुए उन्हें सीधा-सीधा पनौती वाला महापौर कह दिया और यह भी कहा कि पिछले सवा चार सालों में शहर की हालत और व्यवस्था बिगड़ी है। अब इंदौर स्वच्छता की गिनती में नहीं रहा। निगम में भ्रष्टाचार और घोटालों का आरोप भी चौकसे ने लगाया। नवाचार के नाम पर महापौर ने शहर का बंटाढार किया। चौकसे ने यह भी कहा कि महापौर पढ़े-लिखे हैं इसलिए लोगों को बहुत उम्मीद थी, लेकिन वे पनौती साबित हुए, उनके बयान के बाद महापौर और उनके समर्थकों का तो बयान नहीं आया, लेकिन भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने बयान जारी कर एक के साथ दो और बड़े कांग्रेस नेताओं को लपेटकर पनौती कह दिया। मिश्रा ने राहुल गांधी, जीतू पटवारी और खुद चिन्टू चौकसे को भी पनौती कह डाला। मिश्रा का पलटवार और भारी था और तीनों कांग्रेस नेताओं को कांग्रेस के लिए पनौती कहा। कांग्रेस और भाजपा अध्यक्ष के बाद इस मुद्दे पर जिला अध्यक्ष विपिन वानखेड़े भी शामिल हो गए और उन्होंने भी सुमित मिश्रा को इंदौर की सबसे बड़ी पनौती बता दिया और यह भी कहा कि जबसे आप अध्यक्ष बने हो इंदौर दिन प्रतिदिन पिछड़ता जा रहा है इसके लिए भाजपा को माफी मांगना चाहिए। दूषित पानी से लोगों की मौत हुई है और भाजपा परिषद से लेकर भाजपा जनप्रतिनिधि और भाजपा संगठन ने अभी तक दूषित पानी के लिए जिम्मेदारी नहीं ली औरी भागीरथपुरा की जनता से माफी भी नहीं मांगी है जो शर्मनाक है। कुल मिलाकर तीन अध्यक्षों के बीच कल चली पनौती की बहस चर्चा का विषय बन गई और जमकर सोशल मीडिया पर ट्रोल भी हुई।


यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 13 November 2026 के अंक में पृष्ठ 3 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



