इंदौर। शहर में धार्मिक आयोजनों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, संगीत समारोहों और अन्य सार्वजनिक आयोजनों की अनुमति प्रक्रिया को आसान और व्यवस्थित बनाने के लिए सिंगल विंडो क्लीयरेंस सिस्टम लागू करने का प्रस्ताव सामने आया है। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने इस संबंध में जिला दंडाधिकारी शिवम वर्मा को पत्र लिखकर संबंधित विभागों की संयुक्त बैठक बुलाने और व्यवस्था लागू करने के लिए समयबद्ध रूपरेखा तैयार करने का आग्रह किया है।
महापौर ने पत्र में कहा है कि इंदौर स्वच्छता और बेहतर शहरी प्रबंधन के लिए देशभर में पहचान रखता है। ऐसे में सार्वजनिक आयोजनों के दौरान सुरक्षा, प्रशासनिक समन्वय और निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करना जरूरी है। कुछ आयोजनों में सामने आने वाली घटनाएं नागरिकों की सुरक्षा के साथ शहर की छवि को भी प्रभावित कर सकती हैं।
प्रस्ताव के तहत पुलिस, नगर निगम, अग्निशमन विभाग, ट्रैफिक पुलिस और अन्य संबंधित एजेंसियों की अनुमतियों के लिए साझा आवेदन और ट्रैकिंग सिस्टम बनाया जा सकता है। इसके लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त करने का सुझाव भी दिया गया है, जो विभागों के बीच समन्वय करेगा और आवेदनों के निस्तारण की प्रक्रिया को गति देगा।
सुरक्षा मानकों पर भी रहेगा जोर
महापौर ने भीड़ प्रबंधन, अग्नि सुरक्षा, आपातकालीन निकास, पार्किंग, यातायात, चिकित्सा सहायता और आपातकालीन प्रतिक्रिया के स्पष्ट मानक तय करने की बात कही है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 25 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 8 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें


