शहर कांग्रेस कार्यवाहक अध्यक्ष देवेन्द्रसिंह यादव एवं सादिक खान ने बताया कि भाजपा की केंद्र एवं राज्य सरकार के खिलाफ महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, बढ़ते अपराध, बिगड़ती कानून व्यवस्था, यातायात अव्यवस्था और नशे के कारोबार सहित विभिन्न जनहित के मुद्दों को लेकर इंदौर शहर एवं जिला कांग्रेस तथा मध्य प्रदेश राजीव विकास केंद्र द्वारा 27 अक्टूबर को ‘कांग्रेस लाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत जनसंघर्ष महारैली निकाली जाएगी। महारैली में कांग्रेसजनों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए 15 हजार हस्ताक्षरित पोस्टकार्ड डाक के माध्यम से भेजे जा रहे हैं। इस आधुनिक युग में अभी भी पोस्टकार्ड लिखकर बुलावे का आयोजन देवेन्द्रसिंह यादव कर रहे हैं, जबकि सोशल मीडिया पर भी बुलावा दिया जा सकता है। यह रैली गांधी भवन से सुबह 10.30 बजे निकलकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचेगी, जहां राष्ट्रपति और राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। साथ ही, वोट चोरी के मुद्दे को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई जाएगी। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, बिजली बिलों, पेट्रोल-डीजल, घरेलू गैस एवं खाद्य सामग्री की बढ़ती कीमतों के साथ जनता से जुड़े अन्य मुद्दों को लेकर कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करेगी। पोस्टकार्ड लिखने और भेजने के लिए 100 सदस्यों की टीम लगाने का दावा भी देवेन्द्रसिंह यादव ने किया है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 16 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 2 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें





