सोमवार, 12 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
मध्यप्रदेश

राजीनामा न करने पर कोर्ट परिसर के बाहर वकील पर दराती से हमला

महू न्यायालय गेट की घटना, गर्दन पर वार कर आरोपी फरार, गुस्साए अभिभाषकों के प्रतिनिधिमंडल ने की कड़ी कार्रवाई की मांग

महू थाना क्षेत्र अंतर्गत न्यायालय परिसर के मुख्य द्वार पर राजीनामे के दबाव को लेकर एक अभिभाषक, सह प्रॉपर्टी ब्रोकर पर दराती से हमला करने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। कोर्ट में विचाराधीन जमीन के मामले में समझौता करने से मना करने पर आरोपियों ने फरियादी को घेरकर उनकी गर्दन पर दराती से ताबड़तोड़ वार कर दिए और मौके से रफूचक्कर हो गए। सरेराह हुई इस वारदात से वकीलों में भारी रोष व्याप्त है। घटना के बाद अभिभाषकों के प्रतिनिधिमंडल ने एएसपी को ज्ञापन सौंपकर हमलावरों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। बताते है कि हमले में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की शिनाख्त महेंद्र वैद्य पिता मधुसूदन वैद्य, निवासी हरसौला, हाल मुकाम राऊ के रूप में हुई है। महेंद्र अपने जमीन से जुड़े एक मुकदमे की पेशी में शामिल होने महू कोर्ट आए हुए थे। दोपहर में जैसे ही वे कोर्ट का काम निपटाकर मुख्य गेट से बाहर निकले, तभी वहां पहले से घात लगाकर बैठे आरोपी देवाजी और उसके साथियों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने जारी मुकदमे में राजीनामा करने का दबाव बनाया और इनकार करने पर सरेराह गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ते ही आरोपी देवाजी ने अपने पास छिपाकर रखी दरांती से महेंद्र वैद्य की गर्दन पर जान से मारने की नीयत से सीधे वार कर दिया। हमले में वे लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े, जिससे कोर्ट परिसर के बाहर अफरा-तफरी मच गई। वारदात के वक्त आरोपी के साथ एक युवती और उसके अन्य साथी भी मौजूद थे, जो वारदात को अंजाम देने के बाद जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घायल को आनन-फानन में इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में पुलिस ने फरियादी देवकरण की शिकायत पर मुख्य आरोपी देवाजी पिता केसर सिंह, धर्मेंद्र पिता देवाजी चौधरी, लखन पिता देवाजी, हेमा पति संजय चौधरी, सभी निवासी अवलाई तथा एक अन्य साथी के खिलाफ रास्ता रोकने, जानलेवा हमला करने, मारपीट और धमकी देने सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 20 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 9 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें