गरीबों के हक के सरकारी राशन में इंदौर, नीमच और हरदा का मामला, कांग्रेस ने उठाया सवाल, लिखा कलेक्टर को पत्र
इंदौर (सिटी ब्लास्ट प्रतिनिधि)। इंदौर सहित मध्यप्रदेश के अन्य जिलों में गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को वितरित किए जाने वाले सरकारी चावल के परिवहन में करोड़ों रुपये की कथित अनियमितता एवं हेराफेरी के मामले में शहर कांग्रेस संगठन महामंत्री संजय बाकलीवाल ने इंदौर, नीमच और हरदा में गरीबों के राशन चावल की हेराफेरी का मुद्दा उठाया और आरोप लगाया कि 4.39 करोड़ के चावल की कथित हेराफेरी और यह चावल गंतव्य तक नहीं पहुंचने के मामले में उच्च स्तरीय जांच की जाए और जो भी दोषी है उन पर कठोर कार्रवाई की जाए।
बाकलीवाल ने पत्र में लिखा कि समाचारों के अनुसार कटनी से 32 ट्रकों के माध्यम से लगभग 10,975 क्विंटल चावल इंदौर, हरदा एवं नीमच के लिए रवाना किया गया था, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 4.39 करोड़ रु. बताई जा रही है।
यह अत्यंत गंभीर मामला है। जिस राशन पर गरीब परिवारों का अधिकार है, यदि वही राशन भ्रष्टाचार और लापरवाही की भेंट चढ़ जाए, तो यह जनता के साथ सीधा अन्याय है। गरीबों के हक के राशन का इस प्रकार गंतव्य तक नहीं पहुंचना प्रशासनिक व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है।
शहर कांग्रेस कमेटी इस मामले का कड़ा विरोध दर्ज कराते हुए मांग करती है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। इंदौर के हिस्से के 2,641 क्विंटल चावल का पूरा हिसाब सार्वजनिक किया जाए। जिन ट्रकों में चावल भेजा गया था, उनके जीपीएस रिकॉर्ड, टोल नाकों के रिकॉर्ड एवं परिवहन दस्तावेजों की जांच की जाए।
संबंधित परिवहन एजेंसी, अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूमिका की जांच कर दोषियों पर तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए, नुकसान की भरपाई जिम्मेदारों से की जाए, जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाए, पूरे मामले की जांच रिपोर्ट और कार्रवाई सार्वजनिक की जाए। जो चावल हेरफेर किया गया उसे जब्त कर गरीबों के हक का राशन उन तक पहुंचाया जाए।
बाकलीवाल ने यह भी कहा कि यदि प्रशासन द्वारा उचित समय-सीमा में ठोस कार्रवाई नहीं की जाती है, तो शहर कांग्रेस कमेटी इंदौर इस मामले को न्यायालय में ले जाने के लिए बाध्य होगी। कांग्रेस गरीबों के हक और अधिकारों की लड़ाई सड़क से लेकर न्यायालय तक लड़ेगी तथा जरूरतमंद परिवारों को उनका हक दिलाने के लिए हर संभव कानूनी कदम उठाएगी।
यह पत्र कलेक्टर के साथ मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव भोपाल, मुख्य सचिव खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग और कमिश्नर खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग को भेजा है।




