मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
मध्यप्रदेश

देवास से चाकू की नोक पर लूटा आटे से भरा कंटेनर

इंदौर पुलिस की मदद से घेराबंदी कर 5 आरोपी गिरफ्तार

इंदौर। इंदौर-देवास मार्ग पर बदमाशों के बेखौफ हौसले और पुलिस की त्वरित संयुक्त कार्रवाई का बड़ा मामला सामने आया है। देवास की एक फूड्स कंपनी से चाकू की नोक पर 9 टन आटे से भरा कंटेनर लूटकर भाग रहे बदमाशों को देवास पुलिस ने इंदौर पुलिस की मदद से धर दबोचा। पुलिस ने जीपीएस ट्रैकिंग और सीसीटीवी कैमरों की मदद से लोकेशन ट्रेस करते हुए बायपास पर सेज यूनिवर्सिटी के पास घेराबंदी की, जहां पुलिस को देखकर भागने के प्रयास में अनियंत्रित होकर कंटेनर एक ट्रांसफार्मर से जा टकराया। पुलिस ने मौके से कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटा गया कंटेनर, आटा और वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है। वारदात 5 सितंबर को देवास के औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत राजीव नगर भट्टा स्थित अवंतिका फूड्स कंपनी के पास घटित हुई। फरियादी संतोष पिता छतरसिंह मालवीय चालक, शिवानी ट्रांसपोर्ट इंदौर ने देवास पुलिस को बताया कि वह अपने कंटेनर(क्रमांक एमपी-09 एझेड-1441 में 310 कट्टे कुल वजन 9 टन आटा भरकर रवाना होने वाला था तभी ड्राइवर साइड की खिड़की से एक बदमाश आया और उसकी कमर पर चाकू अड़ाकर जान से मारने की धमकी देते हुए उसे नीचे फेंक दिया। इसी दौरान उसके 4 अन्य साथी कंटेनर में चढ़े और गाड़ी लेकर इंदौर की ओर फरार हो गए। हालांकि, चाकू अड़ाने वाला मुख्य आरोपी हड़बड़ी में वहीं छूट गया, जिसे फरियादी ने कंपनी के सुरक्षा गार्डों की मदद से मौके पर ही दबोच लिया। घटना की सूचना मिलते ही देवास पुलिस ने पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की और कंटेनर में लगे जीपीएस डिवाइस को एक्टिवेट कर लोकेशन ट्रैक की, जो इंदौर बायपास की तरफ दिखाई दी। देवास पुलिस ने तुरंत इंदौर पुलिस को अलर्ट जारी कर इनपुट साझा किए। जीपीएस लोकेशन के आधार पर जब इंदौर और देवास पुलिस की संयुक्त टीम ने सेज यूनिवर्सिटी के पास घेराबंदी की, तो बदमाशों ने गाड़ी भगाने की कोशिश की। इसी आपाधापी में तेज रफ्तार कंटेनर बेकाबू होकर सड़क किनारे लगे एक बिजली के ट्रांसफार्मर से टकरा गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर मौके से भावेश पटेल, सुनील चौहान, शुभम राजौरिया, आकाश बैरागी और सूरज बैरागी सभी निवासी देवास को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह के सदस्यों ने पहले से ही रेकी कर इस लूट की साजिश रची थी। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर उनसे अन्य वारदातों के संबंध में कड़ी पूछताछ कर रही है।

यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 9 सितम्बर 2026 के अंक में पृष्ठ 12 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें