शहर में 20 टंकी के क्षेत्र में रहने वाले लोगों के घर में नल से पानी नहीं आया। इस बार ठंड के मौसम में भी लोगों को पानी के गंभीर संकट का सामना करना पड़ रहा है। कल राजेंद्र नगर मेन रोड पर 1200 एमएम व्यास की पीएससी ग्रेविटी मेन पाइपलाइन में लीकेज हो गया। इसके सुधार कार्य हेतु नर्मदा जल प्रदाय परियोजना के प्रथम एवं द्वितीय चरण के सभी पंप दोपहर 3:50 बजे बंद किए गए थे। लीकेज सुधार कार्य पूर्ण होने के उपरांत पंप हाउस क्रमांक-5 से सभी पंप रात्रि 10:10 बजे पुनः चालू कर दिए गए। उक्त अवधि में नर्मदा प्रथम एवं द्वितीय चरण के सभी पंप बंद रहने के कारण आज प्रातःकालीन जल प्रदाय के दौरान शहर की 20 टंकियाँ पूर्ण क्षमता से नहीं भर सकी। इससे इन टंकियों से संबंधित क्षेत्रों में जल प्रदाय नहीं हो सका। प्रभावित होने वाली टंकियों में अन्नपूर्णा, स्कीम नंबर 103, छत्रीबाग, राजमोहल्ला, द्रविड़ नगर, लोकमान्य नगर, महाराणा प्रताप नगर, नरवल, अगरबत्ती काम्प्लेक्स, कुशवाह मोहल्ला, टिगरिया बादशाह, बाणगंगा, सुभाष चौक, सदर बाजार, जिंसी हाट, मल्हार आश्रम, गांधी हॉल, भक्त प्रहलाद नगर, एमओजी लाइन व जय हिंद नगर की टंकी है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट ई-पेपर के 13 अक्टूबर 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



