इंदौर। शहर के पॉश इलाके वाईएन रोड पर रहने वाले कारोबारी और समाजसेवी राजेश जैन (युवा) के घर से करीब 1 किलो 340 ग्राम सोने और हीरे के जेवर गायब हो गए हैं। इनकी कीमत करीब 1.57 करोड़ रुपए बताई जा रही है। चोरी का पता शुक्रवार को तब चला, जब उनकी पत्नी ने घर की तिजोरी खोली। परिवार ने तुकोगंज थाने में लिखित शिकायत दी है।
बड़े जेवर गायब, छोटे सामान सुरक्षित
तुकोगंज क्षेत्र में रांका मेंशन के पास रहने वाले राजेश जैन (युवा) गवर्नमेंट कॉन्ट्रैक्टर एंड सप्लायर्स हैं। उन्होंने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे पत्नी ने तिजोरी खोली तो कई कीमती सेट नहीं मिले। गायब जेवरों में हीरे का एक सेट और सोने के 10 सेट हैं। हैरानी की बात यह है कि तिजोरी में रखी छोटी-मोटी चीजें जस की तस मिलीं, सिर्फ बड़े और भारी आभूषण ही गायब हुए।
कौन हैं राजेश जैन (युवा)
राजेश जैन (युवा) शहर के जाने-माने कारोबारी और समाजसेवी हैं। वे कई सामाजिक संस्थाओं के संस्थापक-अध्यक्ष हैं और उन्हें “युवा जैन रतन” अवार्ड से सम्मानित किया जा चुका है। हाल ही में उन्हें गुरु मंदिर ट्रस्ट, मक्सीजी महातीर्थ का ट्रस्टी भी बनाया गया है।
ये जेवर हुए गायब
मंगलसूत्र (125 ग्राम), हीरे का सेट (250 ग्राम), रानी सेट (150 ग्राम), अन्य सेट (150 ग्राम), ग्रीन सेट (125 ग्राम, 4 नग), गोखरू (240 ग्राम), टड्डा (25 ग्राम), रेड गोल्डन सेट (110 ग्राम), बजटी (125 ग्राम) और कान की बजटी (40 ग्राम)। कुल वजन 1,340 ग्राम।
धनतेरस से पहले रखे थे तिजोरी में
राजेश जैन के मुताबिक, धनतेरस से पहले उनकी पत्नी ने अपनी सारी ज्वेलरी गोदरेज की तिजोरी में रख दी थी। इनमें शादी से पहले मिले आभूषण भी शामिल थे, जो करीब 25-26 साल पुराने थे और लंबे समय से तिजोरी में ही रखे थे।
चाबी चुराकर वारदात की आशंका
राजेश जैन (युवा) का कहना है कि उन्हें आशंका है किसी ने चाबी चुराकर इस घटना को अंजाम दिया है। तिजोरी बेडरूम में रखी थी, जिसके एक ओर वॉशरूम और दूसरी ओर ड्रेसिंग रूम है।
कड़ी सुरक्षा के बीच रखी थी तिजोरी
परिवार के अनुसार तिजोरी तक पहुंचने के लिए पहले कांच का गेट और फिर लकड़ी का गेट पार करना पड़ता है। इसके बाद करीब दो टन वजनी गोदरेज की तिजोरी है, जो सात लीवर वाली है। इसमें ऊपर तीन और नीचे तीन चाबियां लगती हैं, और इसकी चाबी की कॉपी नहीं बनाई जा सकती।
पुलिस जांच जारी
परिवार ने पूरे मामले की लिखित शिकायत तुकोगंज थाने में दर्ज कराई है। परिवार का मानना है कि किसी ने योजना बनाकर तिजोरी से चुनिंदा कीमती जेवर निकाले हैं, इसलिए घर के स्टाफ और आने-जाने वालों सहित सभी पहलुओं पर संदेह जताया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है, आगे की जानकारी का इंतजार है।





