बुधवार, 25 नवम्बर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

ट्रैफिक पुलिस का प्लान फेल, अब चेंबर सुधारकर जाम से मुक्ति दिलाएगा निगम!

ट्रैफिक सुधार के लिए नई मुहिम शुरू करेगा निगम

ट्रैफिक पुलिस का प्लान फेल, अब चेंबर सुधारकर जाम से मुक्ति दिलाएगा निगम!

शहर में ट्रैफिक जाम अब सबसे बड़ी समस्या बन चुका है। बाजारों से लेकर प्रमुख चौराहों और मुख्य मार्गों तक वाहन चालकों को रोज जाम से जूझना पड़ रहा है। यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए यातायात पुलिस द्वारा बनाए गए प्लान भी असरदार साबित नहीं हो रहे हैं। ऐसे में नगर निगम ने अब ट्रैफिक सुधारने के लिए ड्रेनेज चेंबर दुरुस्त करने की कवायद शुरू की है। शहर की कई सड़कों पर ड्रेनेज के चेंबर सड़क के बराबर नहीं होने से वाहन चालकों को परेशानी होती है। कहीं चेंबर नीचे धंसे हैं तो कहीं सड़क से ऊंचे हैं। इनके कारण वाहन चालकों को अचानक ब्रेक लगाने पड़ते हैं, जिससे दुर्घटना और जाम की स्थिति बनती है।

## यातायात बाधित करने वाले चेम्बर का सर्वे

निगम ने शहर के सभी 22 जोन के जोनल अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सड़क के बीच स्थित ऐसे चेंबर चिह्नित किए जाएं, जो यातायात में बाधा बन रहे हैं। इन्हें सड़क के मौजूदा स्तर के अनुरूप व्यवस्थित किया जाए। इसके अलावा वार्डों में सड़क और यातायात में बाधा बनने वाले छोटे-छोटे स्थानों को भी चिह्नित कर सुधार कार्य कराने को कहा गया है।

## बदहाल सड़कें तो चेम्बर सुधार याद आया

शहर में कई प्रमुख मार्गों पर क्षतिग्रस्त सड़कें और अधूरे पैचवर्क भी यातायात की रफ्तार रोक रहे हैं। सड़कों की हालत सुधारने में निगम की सुस्ती के बीच अब चेंबरों को ठीक करने की पहल की गई है। हालांकि, केवल चेंबर सुधारने से शहर की ट्रैफिक समस्या का समाधान होना मुश्किल है। इसके लिए सड़क, चौराहों, पार्किंग और यातायात प्रबंधन में एक साथ सुधार की जरूरत है।

## चौराहों से लेकर बाजारों तक सुधार के दावे

ट्रैफिक सुधार के लिए प्रशासन और नगर निगम स्तर पर कई योजनाओं पर काम चल रहा है। अगस्त में 17 प्रमुख चौराहों के लेफ्ट टर्न चौड़े करने, अतिक्रमण हटाने और पार्किंग व्यवस्था सुधारने की योजना बनाई गई थी। वहीं 31 अक्टूबर को रसोमा, एलआईजी, लैंटर्न और हुकुमचंद घंटाघर चौराहे पर नए ट्रैफिक प्रयोग करने का निर्णय लिया गया था। इन प्रयोगों में लेफ्ट टर्न फ्री रखना, गलत दिशा से आने वाले वाहनों पर रोक और पीक आवर्स में सिग्नल का समय बढ़ाना शामिल है।

इसके अलावा 21 नवंबर को हुई जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में छह प्रमुख चौराहों पर लेफ्ट टर्न चौड़े करने और पांच नई सड़कों पर सड़क किनारे पार्किंग व्यवस्था लागू करने की दिशा में काम करने का निर्णय लिया गया।

## ट्रैफिक सुधार के लिए चल रहे प्रमुख प्रयास

लेफ्ट टर्न चौड़े होंगे: प्रमुख चौराहों पर वाहनों की आवाजाही आसान करने के लिए जगह बढ़ाने की योजना।

अतिक्रमण हटेंगे: सड़क और फुटपाथ पर कब्जे हटाकर आवागमन का रास्ता साफ करने की कवायद।

पार्किंग व्यवस्था: बाजारों और प्रमुख मार्गों पर व्यवस्थित पार्किंग तथा पांच सड़कों पर सड़क किनारे पार्किंग की योजना।

सिग्नल में बदलाव: व्यस्त चौराहों पर सिग्नल का समय और यातायात संचालन सुधारने के प्रयास।

चार चौराहों पर प्रयोग: रसोमा, एलआईजी, लैंटर्न और हुकुमचंद घंटाघर पर नई व्यवस्था का परीक्षण।

यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 25 November 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

📰 अख़बार की कटिंग

सिटी ब्लास्ट, 25 November 2026, पृष्ठ 4