इंदौर (सिटी ब्लास्ट प्रतिनिधि)। सर्वोदय बाल विनय मंदिर स्कूल सदर बाजार के नर्सरी बच्चों के बीच जलेबी प्रतियोगिता का आयोजन कराया गया। एक निर्धारित ऊंचाई पर जलेबी लटकाई गई थी और इन बच्चों को बगैर हाथ लगाए जलेबी को खाना था।
स्कूल के हॉल को रंग-बिरंगी झालरों से सजाया गया था। एक लंबी रस्सी पर धागों के सहारे जलेबियां लटकाई गईं और स्कूल यूनिफॉर्म में कतार से खड़े नन्हे प्रतिभागियों को सिर्फ मुंह से जलेबी पकड़नी थी।
उचक-उचककर पकड़ी जलेबी
जैसे ही बच्चे उचककर जलेबी पकड़ने की कोशिश करते, जलेबी धागे के साथ झूलकर दूर चली जाती। इसी कोशिश में कोई पंजों के बल खड़ा होकर बार-बार जलेबी तक पहुंचने का प्रयास करता रहा, तो किसी का मुंह खुला का खुला रह गया।
कई बच्चों ने जलेबी खाकर प्रतियोगिता में अग्रणी भूमिका निभाई, कुछ बच्चों के मुंह में जलेबी का टुकड़ा आया तो कुछ ने पूरी ही जलेबी मुंह में ले ली, तो कुछ जलेबी का टेस्ट लेने से भी वंचित रह गए।
प्रतियोगिता के दौरान पीछे बैठे अन्य बच्चे अपने साथियों का उत्साह बढ़ाते रहे। नन्हे बच्चों के लिए इस तरह की खेल गतिविधियां मनोरंजन के साथ-साथ उनमें धैर्य, संतुलन और आत्मविश्वास बढ़ाने का भी काम करती हैं।




