इंदौर (सिटी ब्लास्ट प्रतिनिधि)। शहर के मध्य सदर बाजार स्थित सर्वोदय बाल विनय मंदिर स्कूल की प्राचार्य सोनाली दुबे ने बताया कि विद्यार्जन के साथ-साथ स्कूल में अन्य विधाओं में विद्यार्थियों को महारत हासिल कराने के लिए प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती है।
स्कूल के हॉल को रंग-बिरंगे कागज और झालरों से सजाया गया था। फर्श पर हर विद्यार्थी के लिए अलग-अलग कतार बनाई गई थी, ताकि सभी प्रतिभागी अपनी-अपनी लाइन में रहकर खेल सकें।
उचककर चलने वाली डक रेस
विद्यार्थियों को डक यानी बतख बनकर रेस में शामिल अपनी कतार में होना था, निर्धारित समय पर जो पहले विद्यार्थी पहुंचे वे विजेता बने। स्कूल यूनिफॉर्म में नन्ही छात्राएं सिर के पीछे हाथ रखकर बतख की तरह बैठी मुद्रा में कतार से आगे बढ़ीं। यह देखने में जितना मजेदार था, उतना ही संतुलन और धैर्य मांगने वाला भी।

गेंद लेकर गिलास तक की दौड़
वहीं बैलेंस बॉल प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें टोकरी से बॉल लेकर विद्यार्थियों को जल्दी अपनी लाइन में जाकर गिलास में बॉल को डालना था और वापस से फिर अपनी जगह पर पहुंचना था।
इस प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को भी जल्द पुरस्कृत किया जाएगा। दोनों ही प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपने हुनर जमकर दिखाए।
इस तरह की खेल गतिविधियां नन्हे बच्चों में फुर्ती, शरीर का संतुलन और एकाग्रता बढ़ाने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास और टीम भावना भी विकसित करती हैं।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 26 November 2026 के अंक में पृष्ठ 6 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें
यह भी पढ़ें:




