नगर निगम इंदौर द्वारा शहर की नदियों के संरक्षण एवं औद्योगिक अपशिष्ट जल के उचित निस्तारण को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से निरंतर निरीक्षण एवं कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के निर्देशानुसार किए गए ड्रोन सर्वे के दौरान जोन क्रमांक 13 के वार्ड क्रमांक 75 अंतर्गत ग्राम बिजलपुर में सरस्वती नदी में अनुपचारित अपशिष्ट जल छोड़े जाने के साक्ष्य सामने आए। जांच में टीएम एंटरप्राइजेज संचालक हरीश भोसले द्वारा बिना ट्रीटमेंट किए औद्योगिक अपशिष्ट जल सरस्वती नदी में प्रवाहित किया जाना पाया गया। निगम की तकनीकी टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर फैक्ट्री का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि फैक्ट्री संचालक द्वारा अपशिष्ट जल का उचित उपचार किए बिना उसे सरस्वती नदी में प्रवाहित किया जा रहा था। इसके अतिरिक्त फैक्ट्री संचालक द्वारा कंसेंट टू ऑपरेट तथा के रखरखाव एवं फ्लो रिकॉर्ड से संबंधित आवश्यक दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं किए गए। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नगर निगम द्वारा टीएम एंटरप्राइजेज के विरुद्ध 40 हजार रुपये की चालानी कार्रवाई की गई।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 28 November 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें


