नगर निगम की स्मार्ट सिटी कंपनी के द्वारा ऐतिहासिक गोपाल मंदिर के पास में बनाए गए शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की 43 दुकानें उसके लिए सिरदर्द बन गई हैं। इन दुकानों को लेने के लिए कोई कारोबारी आगे नहीं आ रहा है। अब नगर निगम एक बार फिर इन दुकानों का आवंटन करने की कोशिश में है।
निगम के द्वारा जब राजवाड़ा की दीवार से लगकर कारोबार करने वाले लोगों को हटाया गया था तो उस समय यह ऐलान किया गया था कि इस क्षेत्र में गुमटी लगाकर काम करने वालों की सुविधा के लिए निगम मार्केट बनाएगा। इस घोषणा के अनुसार स्मार्ट सिटी कंपनी के द्वारा गोपाल मंदिर के पास में एक बड़ा व्यावसायिक परिसर बनाया गया। इस परिसर की दुकानों को प्रवेश अधिकार शुल्क के आधार पर आवंटित किया गया है। इस परिसर के नीचे की मंजिल की दुकानें तो आसानी के साथ चली गईं लेकिन ऊपर की मंजिल की दुकानों को लेने में कोई भी रुचि नहीं दिखा रहा है।
स्मार्ट सिटी कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि अभी नीचे की मंजिल में चार दुकानें और ऊपर की मंजिल में 39 दुकानें खाली हालत में हैं। इन दुकानों का आवंटन करने के लिए नगर निगम के द्वारा स्मार्ट सिटी कंपनी के माध्यम से कई बार कोशिश की जा चुकी है। इस तरह की किसी भी कोशिश का अब तक कोई अच्छा परिणाम निकल कर सामने नहीं आया है। अब एक बार फिर नगर निगम इन दुकानों का आवंटन करने के लिए कोशिश कर रहा है। इसमें सबसे बड़ी समस्या यह है कि प्रवेश अधिकार शुल्क के नाम पर नगर निगम गाइडलाइन के हिसाब से दुकान का पैसा लेना चाहता है और उसके बाद भी दुकान को किराए पर ही देना चाहता है। इस स्थिति के कारण ही खास तौर पर व्यापारी इन दुकानों को लेने के लिए तैयार नहीं हैं।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 28 November 2026 के अंक में पृष्ठ 3 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




