इंदौर के ऐतिहासिक राजबाड़ा क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने का अभियान क्या केवल त्योहारों के कैलेंडर तक सीमित रह गया है? कभी पूजा-पाठ, कभी दीपक-बत्ती तो कभी त्योहार के नाम पर अस्थायी दुकानें लगाने की अनुमति के बहाने सड़क और फुटपाथ पर कब्जे का सिलसिला अब भी जारी है। दीया बत्ती के बजाय रेडिमेड कपड़े होजियरी वूलन, कॉस्मेटिक, फुटवियर, खिलौने बेचने वालो ने इस अवसर को अपना ठिया साम्राज्य बना लिया है। सवाल यह है कि जिस क्षेत्र को स्मार्ट सिटी और हेरिटेज पहचान के रूप में विकसित करने की बात होती है, वहां सड़क और फुटपाथ अतिक्रमण पर जीरो टॉलरेंस की नीति आखिर कहां चली जाती है? त्योहारों पर बाजार सजना और आम नागरिकों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान होना चाहिए, लेकिन इसके नाम पर सार्वजनिक रास्तों को कारोबार के लिए घेर लेना कहां तक उचित है? पूजा सामग्री, दीपक-बत्ती और अन्य अस्थायी दुकानों के नाम पर शुरू होने वाली व्यवस्था धीरे-धीरे स्थायी कब्जे का रूप लेने लगती है। कुछ दिनों की छूट कब नियमित व्यापारिक गतिविधि में बदल जाती है, इसका जवाब जिम्मेदार विभागों के पास होना चाहिए। सबसे बड़ा सवाल रीमूव्हल अमले की भूमिका पर है। एक ओर नगर निगम और प्रशासन अतिक्रमण हटाने के दावे करते हैं, दूसरी ओर उसी क्षेत्र में नए फुटपाथ बाजार सजते दिखाई देते हैं। क्या कार्रवाई केवल चुनिंदा दुकानदारों तक सीमित है? क्या अनुमति देने और निगरानी करने वाले अधिकारियों की कोई जवाबदेही तय है? यदि अनुमति दी गई है तो उसका दायरा, अवधि और स्थान सार्वजनिक क्यों नहीं किया जाता? राजबाड़ा केवल व्यापारिक गतिविधियों का केंद्र नहीं, बल्कि इंदौर की ऐतिहासिक पहचान है। यहां खरीदारी के लिए आने वाली महिलाओं, बुजुर्गों और परिवारों को पैदल चलने की जगह मिलना भी उतना ही जरूरी है। स्थायी दुकानदार टैक्स, लाइसेंस और अन्य शुल्क चुकाकर कारोबार करते हैं। उनके सामने फुटपाथ पर बिना स्पष्ट व्यवस्था के लगने वाले बाजार प्रतिस्पर्धा के साथ यातायात और सुरक्षा की समस्या भी खड़ी करते हैं। छोटे दुकानदारों की रोजी-रोटी छीनना समाधान नहीं है। उनके लिए व्यवस्थित हॉकर्स जोन और निर्धारित स्थान होना चाहिए। लेकिन सार्वजनिक फुटपाथ किसी की निजी दुकान नहीं बन सकता।
स्मार्ट सिटी की पहचान केवल रोशनी, रंगाई-पुताई और प्रचार से नहीं बनती, बल्कि सड़कों पर अनुशासन और नागरिकों को मिलने वाली सुविधाओं से बनती है। राजबाड़ा में जीरो टॉलरेंस का बोर्ड लगाने से ज्यादा जरूरी है कि जमीन पर भी उसका पालन हो। आखिर सवाल यही है अतिक्रमण हटाने वाला अमला अतिक्रमण रोकने में इतना बेबस क्यों नजर आता है?
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 25 November 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें




