बुधवार, 25 नवम्बर 2026
इंदौर की ताज़ा खबरें – City Blast Indore Hindi News
ब्रेकिंग
इंदौर

15 करोड़ के नए बोरिंग कराएगा निगम

पुराने किए हुए बोरिंग की खराब हो चुकी मोटर भी बदली जाएगी

15 करोड़ के नए बोरिंग कराएगा निगम

इंदौर नगर निगम के द्वारा 15 करोड़ रुपए खर्च कर नए बोरिंग कराए जाएंगे। इसके साथ ही पुराने किए हुए बोरिंग की खराब हो चुकी मोटर को बदलने का काम भी किया जाएगा। जो नए बोरिंग कराए जाएंगे उनमें भी नई मोटर लगाई जाएगी।

इस साल शहर में कम बारिश होने के कारण पानी का संकट पैदा होने के आसार बढ़ गए हैं। आशंका यह है कि दिसंबर के अंत या जनवरी से ही पानी का संकट शुरू हो जाएगा। ऐसे में इस संकट से निपटने के लिए नगर निगम की ओर से तैयारी भी शुरू हो गई है। अभी 2 दिन पहले ही जब प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के द्वारा पूरे प्रदेश में पानी के संकट से पैदा होने वाली स्थिति की समीक्षा बैठक ली गई थी तो उस बैठक में इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने राज्य सरकार से इंदौर के लिए 110 करोड़ रुपए की मांग की थी। अभी सरकार की ओर से इस मांग पर कोई जवाब नहीं आया है। इसके साथ ही सरकार के द्वारा अभी पानी के संकट से निपटने के लिए कोई राशि भी मंजूर नहीं की गई है। इन हालात के बीच में नगर निगम के द्वारा अपने बजट के आधार पर अपना काम धीरे-धीरे शुरू करने की कसरत शुरू कर दी गई है। अब निगम की ओर से 15 करोड़ रुपए की राशि से शहर में समस्या वाले स्थान पर नए बोरिंग करवाने का काम हाथ में ले लिया गया है। इस काम को करने के लिए निगम के द्वारा ठेकेदार के चयन की प्रक्रिया को शुरू कर दिया गया है। इसमें निगम के द्वारा यह कंडीशन डाली गई है कि नए बोरिंग करने के साथ बोरिंग पर मोटर लगाना भी ठेकेदार की जिम्मेदारी होगी। इसके साथ ही शहर में जो पुराने बोरिंग बंद हो गए हैं उन बोरिंग को वापस से शुरू करवाना और उनमें नई मोटर लगाना भी किया जाएगा।

वैसे तो नगर निगम के द्वारा इस काम को अगले 1 साल तक कराए जाने वाले काम के रूप में दस्तावेज में दर्ज किया गया है। लेकिन हकीकत यह है कि यह काम जैसे ही शुरू होगा तो इतनी कम राशि के बोरिंग और मोटर का काम होने में दो-चार महीने का वक्त भी नहीं लगेगा। वैसे भी शहर के कई क्षेत्रों में अभी से पानी के संकट ने दस्तक देना शुरू कर दिया है। कुछ क्षेत्रों के बोरिंग बंद हो गए हैं तो कुछ क्षेत्रों की मोटर खराब हो गई है। वैसे भी नगर निगम के पास बोरिंग सुधारने के लिए कोई बहुत मजबूत सिस्टम नहीं है। पूरे शहर के लिए एक ठेकेदार के पास मरम्मत का काम दिया हुआ है। वह ठेकेदार अपनी इच्छा से ही काम करता है और निगम अधिकारियों को साफ कर देता है कि यदि आपको जल्दी काम करवाना है तो किसी और को ढूंढ लीजिए।

हर वार्ड की बन रही है योजना

नगर निगम के द्वारा हर वार्ड में पानी के संकट और पानी की उपलब्धता की स्थिति का अध्ययन करते हुए योजना तैयार करने का काम किया जा रहा है। इस योजना में यह स्पष्ट हो जाएगा कि उस वार्ड में कौन-कौन से क्षेत्र ऐसे हैं जहां पर पानी का संकट पैदा हो सकता है। ऐसे क्षेत्रों में पानी के संकट को समाप्त करने के लिए नगर निगम को क्या कदम उठाने चाहिए। इन सभी चीजों का समावेश इस योजना में होगा। जैसे ही यह योजना तैयार होगी वैसे ही इस योजना के आधार पर निगम के द्वारा कामकाज शुरू किया जाएगा।

यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 25 November 2026 के अंक में पृष्ठ 5 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें

📰 अख़बार की कटिंग

सिटी ब्लास्ट ई-पेपर