नल से पानी फालतू बहता हुआ पाए जाने के कारण एक जोनल अधिकारी का वेतन काटने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही अब सभी अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि कहीं भी नल से फालतू पानी नहीं बहाना चाहिए। कम बारिश होने के कारण इस साल पानी का जोरदार संकट पैदा होने के आशंका बनी हुई है। इस आशंका को ध्यान में रखते हुए अभी से नगर निगम के द्वारा पानी का दुरुपयोग रोकने की दिशा में कोशिश शुरू कर दी गई है। जिन स्थानों पर नल में टोटी नहीं लगे होने के कारण पानी व्यर्थ में बह जाता है वहां पर पानी की इस बर्बादी को रोकने के लिए निगम के द्वारा काम शुरू कर दिया गया है। अब नगर निगम के सारे अधिकारियों को यह निर्देश दिया गया है कि उनके क्षेत्र में कहीं भी बिना टोटी का नल नहीं होना चाहिए। किसी भी नल से पानी का व्यर्थ बहने जैसा काम नहीं होना चाहिए। सभी अधिकारियों की यह जिम्मेदारी होगी कि वह यह सुनिश्चित करें कि उनके क्षेत्र में कहीं पानी का इस तरह से दुरुपयोग नहीं हो सके।
जोन क्रमांक 12 के वार्ड क्रमांक 62 में आज नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल के द्वारा निरीक्षण किया गया। इस निरीक्षण के दौरान नलों में टोटियां नहीं लगे होने के कारण आयुक्त द्वारा जोनल अधिकारी राहुल सूर्यवंशी का एक दिन का तथा वार्ड क्रमांक 62 के उपयंत्री सौरभ सोमैया का 15 दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए। सिंघल ने कहा कि एक ओर शहर में जलापूर्ति के लिए निगम द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर टोटियों के अभाव में हजारों लीटर पानी व्यर्थ बह जाता है इस पर तत्काल कार्रवाई की जाएं। सिंघल ने निर्देश दिए कि सभी वार्डों में अभियान चलाकर नलों का सर्वे कर तथा जहां टोटी नहीं है वहां टोटी लगाना सुनिश्चित करें। साथ ही नियमित रूप से निरीक्षण कर पानी की बर्बादी रोकने की व्यवस्था बनाई जाए। आयुक्त द्वारा जिन क्षेत्रों में लापरवाही पाई जाएगी, वहां के जिम्मेदार कर्मचारियों के विरुद्ध कार्यवाही के निर्देश दिए।
सफाई व्यवस्था का भी निरीक्षण
सिंघल निरीक्षण के दौरान जोन क्रमांक 22 में कचरा जलता पाया जाने तथा सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं होने पर सी एस आई धीरेंद्र चौहान का एक दिन का तथा दरोगा का 5 दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही सभी कर्मचारियों को सफाई के प्रति सजगता रखने के लिए कहा गया है।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 13 November 2026 के अंक में पृष्ठ 4 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



