रेडिसन चौराहे के पास स्थित न्याय नगर में एक बार फिर बड़े रिमूवल की तैयारी शुरू हो गई है। यहां कोर्ट के आदेश पर जिला प्रशासन को करीब 77 मकानों को हटाने की कार्रवाई करनी है। त्योहारों को देखते हुए फिलहाल कार्रवाई टाल दी गई थी, लेकिन दीपावली खत्म होने के बाद प्रशासन अब एक ही दिन में सभी मकानों को हटाने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए नगर निगम से मशीनरी और अन्य संसाधन उपलब्ध कराने को कहा गया है। सूत्रों के मुताबिक, यह रहवासी क्षेत्र में जिला प्रशासन की अब तक की सबसे बड़ी रिमूवल कार्रवाइयों में शामिल हो सकती है।
7 जेसीबी और 4 पोकलेन से होगी कार्रवाई
कार्रवाई के लिए नगर निगम की वर्कशॉप और रिमूवल टीम को संसाधन जुटाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने निगम से 7 जेसीबी मशीन, 4 पोकलेन और करीब 10 बड़े ट्रक उपलब्ध कराने को कहा है। इसके अलावा रिमूवल टीम को भी तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। एक ही दिन में 77 मकानों को हटाने के लिए व्यापक स्तर पर मशीनरी और अमले की जरूरत होगी।
7 एकड़ से ज्यादा जमीन का पुराना विवाद
न्याय नगर की करीब 7 से 8 एकड़ जमीन का विवाद लंबे समय से न्यायालय में चल रहा है। जमीन पर रहवासियों के मकान बन गए हैं, जबकि जमीन मालिक की ओर से इसे खाली कराने के लिए कानूनी लड़ाई लड़ी गई। प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, जिन 77 मकानों पर कार्रवाई प्रस्तावित है, उनके रहवासियों को न्यायालय से राहत नहीं मिली है। हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के पालन में जिला प्रशासन को जमीन खाली करानी है।
2024 में भी हुआ था भारी विरोध
इस जमीन पर जुलाई 2024 में भी प्रशासन ने कार्रवाई की थी। उस दौरान 26 जुलाई को 15 मकान हटाए गए थे। कार्रवाई का रहवासियों ने विरोध किया था। कुछ मकानों पर कोर्ट का स्टे होने के बावजूद तोड़े जाने के आरोप भी लगे थे। इसके बाद मामला फिर न्यायालय पहुंचा और सुप्रीम कोर्ट से कुछ रहवासियों को तीन महीने की अंतरिम राहत मिली थी। अब शेष मकानों को लेकर प्रशासन दोबारा कार्रवाई की तैयारी में जुटा है। फिलहाल कार्रवाई की तारीख तय नहीं की गई है, लेकिन मशीनरी जुटाने की प्रक्रिया से साफ है कि प्रशासन दीपावली का त्योहार खत्म होने के बाद जल्द ही रिमूवल कार्रवाई करेगा।
यह खबर सिटी ब्लास्ट अख़बार के 13 November 2026 के अंक में पृष्ठ 5 पर प्रकाशित हुई है। पूरा ई-पेपर पढ़ें



